मडियाहूं। लोकसभा चुनाव की तैयारी के तहत शुक्रवार को तहसील प्रसाशन की ओर से मतदाताओं को ईवीएम एवं वीवीपैट के साथ ही मतदान प्रक्रिया के बारे जानकारी दी गई। राजस्व निरीक्षकों के नेतृत्व में लेखपालों के साथ क्षेत्र के जमालापुर सर्किल के कुत्तुपुर, निगोह के ग्राम पंचायत गोठांव व रामनगर विकासखंड के ग्राम पंचायत हुसैनपुर तथा मडियाहूं क्षेत्र के इटाएं गांव में मतदाताओं को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान मतदाताओं से मॉक पोल भी कराया गया। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक मतदान स्थल पर प्रयुक्त ईवीएम में इस बार वीवीपैट को स्थापित किया जा रहा है। मतदाता के अपने मताधिकार का प्रयोग करते ही सात सेकंड तक वीवीपैट में डाले गए मत की पर्ची दिखेगी। तत्पश्चात उक्त पर्ची वीवी पैट में स्वत: ही जमा हो जाएगी। राजस्व निरीक्षक कुंज बिहारी ने सभी से मतदान की अपील की। इसके अलावा रामपुर खास, ददरा, किशुनपुर, राजापुर नंबर एक सहित अनेक गांवो में भी मतदान हेतु मतदाताओं को प्रशिक्षण दिया गया।