महराजगंज। क्षेत्र में आवारा पशुओं से किसान त्रस्त हैं। फसलों के बचाव के लिए रात भर चौकीदारी कर रहे हैं। छुट्टा पशु झुंड में पहुंच कर फसलों को बर्बाद कर रहे हैं। इस मौसम में गेहूं, जौ, आलू, मटर, चना आदि की फसल तैयार है। आवारा पशु किसानों की मंशा पर पानी फेर रहे हैं। क्षेत्र के सदरुद्दीनपुर निवासी मोती यादव, गुड्डू उपाध्याय, रमाशंकर, लालमणि, गोपी पांडेय ने बताया कि गेहूं की फसल में आवारा पशु झुंड में पहुँच कर फसल को बर्बाद कर रहे हैं। कल्यानपुर, नेवादा, राजेपुर, उदयभानपुर, भगवानपुर, चेती, कंधी गांव के किसान अपनी फसल, आलू, चना, मटर, अरहर, गेंहू की फसल को सुअरों व आवारा पशुओं से सुरक्षित रखने के लिए दिन रात खेतों की रखवाली करने को मजबूर है। चंद्र प्रकाश मौर्य, संजय मौर्य ने बताया कि उनकी मटर व फूल गोभी सुअर व आवारा पशु चट कर गए।