खुटहन। राधा वल्लभ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी इमामपुर में 27 जनवरी को आयोजित टैलेंट हंट प्रगति परीक्षा का परिणाम शनिवार को घोषित हो गया। जिसमें सर्वोदय इण्टर कॉलेज खुदौली के छात्र आनंद कुमार बिंद ने प्रथम, ग्राम विकास इण्टर कॉलेज के अभिषेक कुमार यादव ने द्वितीय और श्री बजरंग इण्टर कॉलेज की छात्रा सोनी यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस संस्था में विभिन्न विद्यालयों के 7 हजार छात्रों में से चुने हुए 500 छात्रों ने 27 जनवरी को आयोजित परीक्षा में प्रतिभाग किया था। संस्था की चेयरमैन शशी यादव ने बताया कि परीक्षा परिणाम कॉलेज के नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दिया गया है। परीक्षा में सफल प्रथम तीन प्रतिभाशाली छात्रों को कॉलेज की तरफ से क्रमश: लैपटॉप, टेबलेट, स्मार्टफोन तथा ऊंची रैंक वाले 25 छात्रों को पुरस्कार, ट्रॉफी तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। वहीं इंस्टीट्यूट में पॉलिटेक्निक में प्रवेश के लिए प्रतिभाशाली छात्रों को फीस में छूट का विशेष प्रावधान रहेगा। वाइस चैयरमैन अभिषेक कृष्णा ने बताया कि आगामी तीन मार्च को कॉलेज में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित कर परीक्षा में सफल प्रतिभागी प्रतिभावान छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।