जौनपुर। सफाई कर्मचारियों के स्थानांतरण, वेतन रोकने समेत कई अन्य मांगों को लेकर आंदोलित ग्राम पंचायत अधिकारी ग्राम विकास अधिकारी समन्वय समिति ने मंगलवार को विकास भवन परिसर में चेतावनी सभा के बाद धरना स्थगित कर दिया।
यहां कर्मचारियों को संबोधित करते हुए संगठन के संयोजक डा. प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि समस्या को लेकर सीडीओ और डीडीओ से वार्ता हुई है। पदाधिकारियों का स्थानांतरण आदेश निरस्त करने और रुके हुए वेतन का भुगतान करने का आश्वासन दिया गया है। जिला कोर कमेटी की सहमिति से धरना स्थगित कर दिया गया है। इसके अलावा पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर छह फरवरी से प्रस्तावित हड़ताल में वे शामिल रहेंगे। इस मौके पर विजयभान यादव, रामकृष्ण पाल, शिवकुमार यादव, रामलाल पाल, सुनील श्रीवास्तव, प्रदीप श्रीवास्तव आदि मौजूद थे।