जलालपुर। विद्युत उपकेंद्र के सामने स्थित पार्टी कार्यालय पर मंगलवार को जफराबाद विधानसभा फ्रंटल इकाई के कार्यकर्ताओं की बैठक में पूर्व सांसद तूफानी सरोज ने कहा कि जनता अच्छे दिन पता पूछ रही है। उन्होंने कहा कि झूठ बोलकर सत्ता में आई भाजपा की केंद्र व प्रदेश की सरकार ने जनता को छलने का काम किया है। चुनाव के समय किए गए वादों को पूरा नहीं किया है। जिसमें किसानों की आय दोगुनी करने, शिक्षित बेरोजगारों को रोजगार देने,विदेश से काला धन मंगाने ,सभी के खाते में 15 लाख रुपये देने आदि वादे रहे। उन्होंने कहा कि जनता से बार बार झूठे वादे कर कोई भी चुनाव नहीं जीत सकता है।अभी तीन राज्यों में जनता ने सबक सिखा दिया है। इस मौके पर इंदु प्रकाश सिंह, रमेश साहनी, अरुण यादव, सुरेश यादव, सत्यजीत यादव, दीपक यादव आदि मौजूद रहे।