जौनपुर। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए मंगलवार को जफराबाद विधानसभा क्षेत्र के राजकीय पॉलीटेक्निक में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से आयोजित मेले में 15 कंपनियों ने प्रतिभाग किया। इसमें 611 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कर साक्षात्कार दिया। इनमें से 304 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया, जबकि पांच को ऑफर लेटर वितरित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा मछलीशहर के जिलाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार सिंह, जफराबाद के पूर्व विधायक डॉ. हरेंद्र प्रसाद सिंह, अन्य जनप्रतिनिधियों, राजकीय पॉलीटेक्निक की प्राचार्य और जिला सेवायोजन अधिकारी जय प्रकाश पासवान ने किया। अतिथियों को बुके, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
जिला सेवायोजन अधिकारी जय प्रकाश पासवान ने बताया कि जिले के युवाओं को बेहतर रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में रोजगार मेले आयोजित किए जा रहे हैं। मेले में अडानी सोलर एनर्जी लिमिटेड, एशियन इलेक्ट्रॉनिक्स, अन्नपूर्णा सेंटर, पुखराज हेल्थ केयर, प्रमोकाश सर्विस, अतुल ऑटो, रेजोन सोलर, ऑर्बिट बेयरिंग्स इंडिया, कोरोना रेमेडीज और सिल्वर कंज्यूमर इलेक्ट्रिकल्स समेत 15 कंपनियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान पांच चयनित अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर वितरित किए गए। कार्यक्रम में सेवायोजन कार्यालय के कर्मचारी भी मौजूद रहे।