सिरकोनी। मतापुर जिला उद्योग केंद्र के पास लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राज्य मार्ग के किनारे सर्विसिंग के लिए खड़ी एंबुलेंस में शुक्रवार की सुबह अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते वहां खड़ी छह एंबुलेंस में आग की चपेट में आ गई। लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया।
लाइन बाजार थाना क्षेत्र के मतापुर में जिला उद्योग कार्यालय के बगल में स्वास्थ्य विभाग की तरफ से सर्विसिंग के लिए एंबुलेंस खड़ी की गई थी। शुक्रवार की सुबह करीब 9 बजे एक एंबुलेंस ने आग पकड़ लिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। जब तक लोग समझ पाते आग की चपेट में आकर एक एंबुलेंस से दूसरे, तीसरे, चौथे करके खड़ी 6 एंबुलेंस जलने लगी। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अगलगी की इस घटना के चलते राष्ट्रीय राज्य मार्ग की एक पटरी से 30 मिनट के लिए कोई वाहन नहीं गुजरा। आग कैसे लगी इसका कोई कारण स्पष्ट नहीं हो पाया। समझा जा रहा है कि किसी ने बीड़ी सिगरेट पीकर रोड किनारे पड़ी बांस की सूखी पत्तियों के बीच में फेंक दिया होगा। प्रभारी निरीक्षक सतीश सिंह ने बताया कि आग लगने का कारण नहीं स्पष्ट हो पा रहा है। विभिन्न बिंदुओं की पड़ताल की जा रही है।
बोरे से भरे ट्रक में लगी आग, हजारों का नुकसान-शाहगंज। अयोध्या मार्ग स्थित डाकखाना तिराहे के पास पहुंचा बोरे से लदे ट्रक में शुक्रवार को आग लग गई। इससे ट्रक में लदा हजारों रुपये का बोरा जलकर राख हो गया। पुलिस ने लोगों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया। अयोध्या से जौनपुर की तरफ जा रहे ट्रक में अचानक आग लग गई। यह देख स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। ट्रक जैसे ही कोतवाली चौक के समीप लोहा मंडी के पास पहुंचा आग ने अपना विकराल रूप धारण कर लिया। लपटें तेज होने पर आस-पास के लोगों ने ट्रक रोककर घर के नलकूप से पानी लाकर आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना पर पुलिस फोर्स के साथ क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान व प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह पहुंचे। उन्होंने स्थानीय नागरिकों की मदद से आग बुझाकर उसे गंतव्य की ओर रवाना किया। आग लगने से लगभग 20 हजार रुपये तक की बोरी जलकर राख हो गई। सीओ अजीत सिंह चौहान ने बताया कि मामला संज्ञान में है। आग बुझाकर ट्रक को गंतव्य की तरफ रवाना कर दिया गया है। यदि तहरीर मिलती है तो जांचकर कार्रवाई की जाएगी।