जौनपुर। पीएम विश्वकर्मा योजना को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आवेदकों का द्वितीय स्तर पर सत्यापन के लिए जिला स्तरीय समिति की बैठक हुई। अध्यक्षता जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने की।
उपायुक्त उद्योग हर्ष प्रताप ने बताया कि अब तक कुल 5800 आवेदन प्राप्त हुए है जिनका पंचायत स्तर पर अब तक कुल 115 आवेदकों का प्रथम स्तर पर सत्यापन हो चुका है। जिसका जिला स्तरीय समिति द्वारा द्वितीय स्तर पर सत्यापन कराने के लिए बैठक की गई। कहा कि 1740 ग्राम प्रधानों में से अब तक 1304 प्रधानों द्वारा पीएम विश्वकर्मा पोर्टल पर पंजीकृत कराया गया। मुख्य विकास अधिकारी साईं तेजा सीलम ने बताया कि आवेदकों को पांच दिवसीय प्रशिक्षण के समय 500 प्रतिदिन की दर से कुल 2500 मानदेय दिया जाएगा। इसके अलावा 15000 का ई-बाउचर टूल किट के लिए दिया जाएगा। इस मौके पर जिला सेवायोजन अधिकारी शशिकांत सरोज, अग्रणी जिला प्रबंधक शंकर सामंत, भाजपा जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह, सुनील तिवारी आदि रहे।