नीट का आयोजन रविवार को होगा। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की ओर से आयोजित परीक्षा के लिए जिले में नौ केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में परीक्षा होगी। परीक्षा केंद्र सीधे एनटीए मुख्य कार्यालय से जोड़े जाएंगे। परीक्षा में 5560 परीक्षार्थी शामिल होंगे। अभ्यर्थियों को सुबह 11 बजे तक परीक्षा केंद्र पर पहुंचना है। ताकि उनका बायोमेट्रिक प्रमाणन हो सके। मेडिकल कॉलेज, डेंटल कॉलेज के साथ ही आयुष कोर्सेज के कॉलेजों में प्रवेश के लिए होने वाली परीक्षा पर कड़ी नजर रखी जाएगी। परीक्षा रविवार को एक ही पारी में होगी। परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम 5:20 तक होगी। परीक्षा केंद्र में लगाए सीसीटीवी कैमरों का कंट्रोल रूम एनटीए हेड ऑफिस में रहेगा। परीक्षा की समन्वयक डॉ. रुचि शर्मा ने कहा कि परीक्षार्थियों को अपने साथ प्रवेश पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो और एक आईडी लाना अनिवार्य है। अन्य किसी प्रकार का उपकरण जैसे मोबाइल, घड़ी, एटीएम आदि लाना वर्जित है। एनटीए द्वारा परिक्षार्थियों को पेन उपलब्ध कराया जाएगा। दोपहर 1.30 बजे के बाद किसी परीक्षार्थी को परीक्षा हाल में जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।