सल्तनत बहादुर इंटर कॉलेज में आयोजित तीन दिवसीय बदलापुर महोत्सव का आगाज शनिवार से होगा, जिसके लिए सारी तैयारियों को चक्रवाती बरसात के बीच देर रात तक मूर्त रूप दिया जाता रहा। पहले दिन 551 जोड़ों का सामूहिक विवाह होगा। मंडप बनकर तैयार हैं।
जिसके साक्षी बनकर हिमांचल प्रदेश के राज्यपाल शिवप्रताप शुक्ल, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार असीम अरुण, जिले के प्रभारी मंत्री कैबिनेट मंत्री एके शर्मा वर-वधु को आशीर्वाद देंगे। कार्यक्रम से पहले हो रही बारिश ने आयोजकों के माथे पर चिंता की लकीरें बढ़ा दी हैं।
आयोजक भाजपा विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने बताया कि महोत्सव के पहले दिन मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह का आयोजन किया गया है, जिसके लिए मंडप में वर-वधू के बैठने की व्यवस्था, अतिथियों के स्वागत, प्रकाश, दर्शकों के बैठने की व्यवस्था, बैरिकेटिंग, साज-सज्जा, साउंड सिस्टम आदि को अंतिम रूप दिया जा रहा है। जिसके लिए सभी विभाग के अधिकारी कर्मचारी मुस्तैदी से जुटे हैं।
सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिया गया है। उन्होंने बताया कि लगातार हो रही बरसात से तैयारियों में अड़चन आ रही है फिर भी देर रात तक सारी तैयारियां कर ली जाएंगी।