शाहगंज। शहीद दिवस पर जेसीआई शाहगंज संस्कार व महाविद्यालय के संयुक्त तत्वाधान में बुधवार को फरीदुहलहक मेमोरियल डिग्री कालेज तालीमाबाद सबरहद में बापू बाजार का आयोजन किया गया। इसमें कम रेट पर लोगों को सामान मिल रहा था, जिसके चलते लोगों की भारी भीड़ लगी रही। बापू बाजार का उद्घाटन वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के एनएसएस समन्वयक डा. राकेश कुमार यादव ने किया।
उन्होंने कहा कि बापू बाजार का मकसद जरूरतमंदों को कम दाम पर दैनिक उपयोग की वस्तुएं उपलब्ध कराना है। बाजार में लोग पांच से बीस रूपए में कपड़े, खिलौने, जूते-चप्पल, किताबें आदि सामान खरीद सकते हैं। बाजार में एनएसएस के स्वयंसेवकों द्वारा भगत सिंह, रवींद्रनाथ टैगोर, स्वामी विवेकानंद, एपीजे अब्दुल कलाम, वीर अब्दुल हमीद, कल्पना चावला, सुनीता विलियम्स आदि के नाम पर स्टाल लगाए गए थे। सर सैयद इंटर कालेज के प्रधानाचार्य मो. शाहिद नईम, जेसीआई इंडिया के जोन डायरेक्टर गुलाम साबिर ने संबोधित किया। अध्यक्षता अब्दुला एडवोकेट व संचालन डा. रियाज अहमद ने किया। प्राचार्य डा. तबरेज आलम ने आभार जताया। संस्था के अध्यक्ष जेसी पंकज सिंह, सचिव हसन मेंहदी, प्रोग्राम डायरेक्टर एखलाक खान, इरफान अहमद खान, मो. आसिफ, मिनहाज इराकी, शिरीष मोदनवाल, तलहा जौहर आदि उपस्थित रहे।