कोरोना के कहर से जौनपुर जिले में पॉजिटिव मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। रविवार को दस मरीज स्वस्थ हुए तो 50 नए केस सामने आए। इसमें एएनएम, व्यापारी, पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। कई मरीज एक ही परिवार के हैं। नए मरीजों के साथ कुल पॉजिटिव केस की संख्या 1427 हो गई है। इसमें एक्टिव केस 529 हैं। अब तक 21 की मौत हुई है। रविवार को भी 14 सैंपल खराब होने के कारण रिजेक्ट कर दिए गए। संबंधित लोगों का दोबारा सैंपल लिया जाएगा।
कोरोना मरीजों की त्वरित पहचान के लिए शासन से मिले रैपिड एंटीजन किट से रविवार को जिले में कुल 29 स्थानों पर शिविर लगाकर सैंपल लिए गए। लोगों ने स्वेच्छा से पहुंचकर जांच कराई। आधे घंटे में उन्हें रिपोर्ट भी मिल गई। महराजगंज में 140 लोगों की जांच में यूपी-112 का सिपाही, केवटली निवासी सब्जी विक्रेता और जनरल स्टोर संचालक समेत कुल तीन पॉजिटिव मिले।
मछलीशहर में 69 लोगों की जांच में आठ की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसमें सुजानगंज पड़ाव निवासी दंपती भी शामिल हैं। खुटहन के महमदपुर गांव निवासी एएनएम की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई। एएनएम 21 जुलाई को चकफतेपुर गांव में कोरोना मरीज के घर जांच के लिए गई थी।
इसके बाद से ही उसकी तबीयत खराब थी। जफराबाद के हुसेपुर गांव निवासी यूबीआई के कर्मचारी की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद परिवार समेत पास पड़ोस के 19 लोगों की जांच रविवार को की गई। इसमें यूबीआई कर्मी की पुत्री और भाई की बहू पॉजिटिव पाए गए हैं।
नौपेड़वा सीएचसी पर सौ लोगों की जांच में कस्बे के दो व्यापारी कोरोना संक्रमित मिले। अधीक्षक डॉ. एसके पटेल ने बताया कि दोनों व्यापारियों को कोविड-19 अस्पताल भेजा जा रहा है। शाहगंज सीएचसी पर 59 लोगों की जांच की गई। खेतासराय के खुदौली गांव में एक व्यक्ति पॉजिटिव मिला है।
डीएम दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि रविवार को 2432 सैंपल के रिजल्ट आए, जिसमें 50 पॉजिटिव मिले हैं। 1735 नए सैंपल भी लिए गए। अब तक कुल 31846 लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं। जिसमें 27966 की रिपोर्ट आ चुकी है।