बरसठी। मंदिरों में श्रद्धालुओं की चेन छीनने वाली महिलाओं की गैंग के पांच लोगों को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से 19 हजार 7 सौ रुपये और एक बोलेरो बरामद हुआ है। दुर्गा देवी मंदिर में 20 मई को दर्शन करने गई एक महिला के गले से सोने की चेन काट ली गई थी। गहलाई गांव निवासी राकेश यादव की तहरीर पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी में संदिग्ध महिला की पहचान करते हुए तलाश में जुटी थी। एक सप्ताह बाद दूसरे मंगलवार को दुर्गा देवी मंदिर पर संदिग्ध महिला की फोटो लेकर सादे ड्रेस में पुलिस मौजूद रहे। इसी दौरान किसी ने बताया कि संदिग्ध महिला अपनी गैंग के साथ मंदिर के पास है। फोटो से पहचान कर भीड़ में घटना को अंजाम देने के लिए खड़ी महिला को महिला सिपाही पकड़ कर बाहर ले आई। थाना प्रभारी राजेश यादव ने महिला से पूछताछ की तो उसने अपना नाम रीता देवी ग्राम परसई कोतवाली गाजीपुर बताया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने अगल-बगल खड़ी उसकी गैंग की अन्य महिलाओं तारा देवी निवासी बढ़ौना थाना फूलपुर जिला वाराणसी, मंगरा देवी निवासी मकरा थाना जलालपुर, गीता निवासी हिरावनपुर थाना सिंधौरा जिला वाराणसी, मीरा निवासी हिरावनपुर सिंधौरा वाराणसी, संतोष राम निवासी तुरना थाना नंदगंज जिला गाजीपुर को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 19 हजार 7 सौ नगद व एक बोलेरो बरामद हुआ है। थानाध्यक्ष राजेश यादव ने बताया कि गैंग बनाकर बोलेरो से घटना को अंजाम दिया जाता । गैंग के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर चालान भेज दिया गया।