सिरकोनी विकासखंड के ग्राम सभा बदलपुर गोपालपुर में कोरोना मरीज मिलने के बाद गांव में जांच को पहुं?
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। पूर्वांचल में सबसे ज्यादा कोरोना केस जौनपुर जिले में हैं। मंगलवार तक यह आंकड़ा 444 था। अन्य जिलों की तुलना में यह आंकड़ा भले ही अधिक लग रहा हो लेकिन जिले में आए प्रवासियों की संख्या और जांच के आंकड़ों को देखें तो स्थिति उतनी भयावह नहीं लगेगी। अब तक नौ हजार से अधिक लोगों के नमूने लिए गए हैं, जो अन्य जिलों की तुलना में काफी अधिक है। मरीजों में रिकवरी रेट भी बेहतर है। प्रशासन लोगों से अपील कर रहा है कि कोरोना से डरने और घबराने की बजाए सावधानी बरते हैं और इस आफत से पार पाएं।
मुंबई, दिल्ली, गुजरात सहित अन्य प्रांतों से करीब तीन लाख लोग लॉक डाउन के दौरान जिले में आए हैं। इसमें सवा लाख लोग ऐसे हैं, जिनका आगमन सिर्फ श्रमिक स्पेशल ट्रेनों से हुआ है। प्रवासियों की यह संख्या पूरे पूर्वांचल में सबसे ज्यादा है। इसमें भी मुंबई से आने वालों की संख्या सबसे ज्यादा है। कोरोना के संक्रमण का खतरा भी प्रवासियों में ही अधिक पाया गया है। इसको देखते हुए प्रशासन ने युद्धस्तर पर अभियान चलाकर संदिग्ध लोगों के सैंपल लिए और यह सिलसिला जारी है। अब तक नौ हजार से अधिक लोगों के सैंपल लिए गए हैं। साढ़े सात हजार की रिपोर्ट आ चुकी है, जिसमें 444 पॉजिटिव केस मिले हैं। इसमें भी 242 मरीज स्वस्थ्य हो चुके हैं।
डीएम दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रत्येक मरीज को चिह्नित करने के लिए सैंपल लेने का कार्य जोरों पर चल रहा है। इसमें किसी तरह की कोताही नहीं बरती जा रही है। कोशिश है कि कोरोना के संदिग्ध ज्यादा से ज्यादा लोगों को चिह्नित कर समय से उपचार किया जा सके, जिससे वह दूसरों में बीमारी न पहुंचा सकें।
स्वस्थ हुए 15 मरीज, एक्टिव केस की संख्या घटी
जौनपुर। जिले में मंगलवार को कोरोना के 15 मरीज स्वस्थ हुए हैं। सभी पूर्वांचल विवि में बने कोविड-19 अस्पताल में भर्ती थे। जिला अस्पताल में लगी ट्रूनट मशीन में उनके सैंपल की जांच कराई गई थी, जिसकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। डीएम ने बताया कि निगेटिव आने वाले सभी मरीजों को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। उन्हें अब घर पर भी कुछ दिनों तक क्वारंटीन में ही रहने की हिदायत दी गई है।