मछलीशहर पड़ाव पर कोरोना जांच के लिए सैम्पल लेते चिकित्सक।
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। कोरोना संक्रमितों को खोजने के लिए चलाए गए अभियान के तहत बुधवार को नगर के 39 वार्डों में कैंप लगाया गया। इस दौरान कुल 4424 सैंपल लिए गए। इसमें चार कोरोना संक्रमित मिले। पहले भेजे गए सैंपल के भी दस लोग पॉजिटिव मिले हैं। जांच के दौरान मिले संक्रमितों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोरोना संक्रमितों को खोजने के लिए अब की गई सबसे बड़ी सैंपलिंग है। जांच टीम में स्वास्थ्य विभाग की ओर से 177 कर्मी लगाए गए थे।
कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से बुधवार को अभियान चलाया गया। इसके तहत नगर के सभी 39 वार्डों में कैंप लगाकर सैंपल लिया गया। बाजारों में आने वालों की भी थर्मल स्क्रीनिंग की गई। संदिग्ध मिलने पर उनकी भी एंटीजन किट से जांच हुई। अभियान के दौरान स्वास्थ्य टीम ने कुल 4424 सैंपल लिया। जांच में 4 लोग कोरोना संक्रमित मिले। कोरोना संक्रमितों को बृहस्पतिवार को आइसोलेशन में रखा जाएगा। सीएमओ डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि सभी बैरियर कैंप पर 3-3 स्वास्थ्य कर्मियों के अलावा लेखपाल और कांस्टेबल लगाए गए थे। जांच कैंप केंद्रों की निगरानी के लिए अतिरिक्त सीएमओ को लगाया गया था। कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए शासन के निर्देश पर कई स्तर अभियान चलाया जा रहा है। टारगेटेड अभियान भी चलाया जा रहा है। इसके तहत सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों के अलावा रेलवे स्टेशन, बस पड़ाव आदि स्थानों पर भी कैंप लगाया जा रहा है। उधर, डीएम दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि पूर्व में जांच के लिए भेजे गए सैंपल में से दस की रिपोर्ट बुधवार को पॉजिटिव आई, जबकि चार मरीज ठीक हुए। अब जिले में कोरोना पॉजिटिव केस की संख्या 6266 हो गई है, जिसमें 5969 मरीज ठीक हो चुके हैं।