जौनपुर। कांग्रेस ने सदर जौनपुर सदर संसदीय क्षेत्र से देवब्रत मिश्र को प्रत्याशी घोषित किया है। प्रतापगढ़ के विश्वनाथ गंज विधानसभा क्षेत्र के मूल निवासी, प्रयागराज के टैगोर टाउन में रहने वाले डा. देवब्रत मिश्रा पर कांग्रेस ने दाव लगाया है। डा. देव ब्रत मिश्र पुराने कांग्रेसी हैं। इनके पिता शिव प्रताप मिश्र उर्फ बाबा मिश्र इंदिरागांधी के सलाहकार रह चुके हैं। संजय गांधी से उनके करीबी रिश्ते थे। वह 1998 में मछलीशहर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ चुके हैं। वर्ष 2004 में देवब्रत मिश्र भी मछलीशहर से भाग्य अजमाये थे लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। कांग्रेस ने जातीय समीकरण को देखते हुए अपने पुराने कार्यकर्ता देवब्रत मिश्रा को मैदान में उतारकर जौनपुर संसदीय क्षेत्र की लड़ाई को एक नया मोड़ दे दिया है। बसपा से टिकट मांग रहे उद्योगपति अशोक सिंह हाल ही में कांग्रेस की सदस्यता लेने के बाद खुद को प्रत्याशी बताते फिर रहे थे। लेकिन उन्हें यहां भी जगह नहीं मिली। वैसे कांग्रेस ने अभी मछलीशहर सुरक्षित लोकसभा सीट से कोई प्रत्याशी घोषित नहीं किया है।