जौनपुर। चुनाव को लेकर चेकिंग बढ़ा दी गई है। गुरूवार को जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस ने चेकिंग किया। इस दौरान जिला जेल के निकट हुई चेकिंग में कांग्रेस सहित कई दलों के गाड़ी पर लगे झंडे उतारे गए। सिविल पर तीन-तीन की संख्या में युवक बाइक से फर्राटा भरते रहे लेकिन पुलिस ने उन्हें नहीं टोका। आगामी लोकसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही झंडा, बैनर, पोस्टर, जगह-जगह हटा दिए गए हैं। लेकिन अभी भी कुछ ऐसे स्थान हैं जहां होर्डिंग नहीं हटाई गई है। मुंगराबादशाहपुर के तरहटी मोड़ पर वैसे ही होर्डिंग लगी हुई है। इसकी लोगों ने पुलिस से शिकायत भी किया लेकिन पुलिस का ध्यान अभी उस तरफ नहीं है। थानों में होली के त्योहार को देखते हुए शांति समितियों की बैठक भी शुरू हो गई है। इस बैठक में त्योहार के अलावा शांति पूर्ण तरीके से चुनाव कराने पर और आपसी भाईचारा बनाए रखने की पुलिस अपील कर रही है। सभी असलहाधारियों के असलहे जमा करने का निर्देश जारी कर दिया गया है। लोग असलहे जमा करना शुरू कर दिए हैं। पुलिस ने अवैध हथियारों और शराब की चेकिंग भी बढ़ा दिया है।