जौनपुर। शहर से लेकर ग्रामीण अंचल में हर रोज लगने वाले जाम से आमजन परेशान है। सड़कों पर बेतरतीब वाहनों के खड़ा किये जाने से जाम की समस्या बढ़ती जा रहीं है। शहर में जाम की समस्या से निबटने के लिए एसपी आशीष तिवारी ने प्लानिंग शुरू कर दी है। जाम के सभी प्वाइंट चिह्नित करने की कवायद शुरू हो गई है। सड़क पर गाड़ियां खड़ी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। जरूरत पड़ने पर ऐसे लोगों को जुर्माना भी यातायात नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में भरना पड़ सकता है।
जाम की वजह से व्यापारियों का कारोबार भी चौपट हो रहा है। जाम से लोगों को निजात दिलाने के लिए एसपी आशीष तिवारी ने एसओपी तैयार कराया है। जिसके तहत सभी चौकी इंचार्ज एवं आठ कोबरा मोबाइल को जाम समाप्त कराएं जाने के लिए लगाया गया है। लेकिन कुछ खास असर नहीं दिख रहा है। इसके वजह से एसपी ने जाम के मुख्य कारणों को चिहिंत कराने के लिए कोतवाली, लाइन बाजार इंस्पेक्टर के साथ यातायात प्रभारी से भी ब्यौरा मांगा है। वैसे तो शहर में और गौराबादशाहपुर, मुंगराबादशाहपुर, शाहगंज, खेतासराय आदि कस्बों में जाम की समस्या तो बहुत पहले से है। लेकिन प्रयागराज में कुंभ शुरू होने के बाद जाम की समस्या से हर कोई परेशान हो गया था। कुंभ समाप्त होने के बाद बिहार के तरफ जाने वाले भारी वाहन अब प्रयागराज होकर बिहार की तरफ जाने लगे हैं। 15 जनवरी के बाद शायद ही कोई ऐसा दिन होगा जिस दिन तीन से चार घंटें जाम न लगता हो। बावजूद इसके पुलिस अफसरों ने कोई प्लानिंग तैयार नहीं की। कुंभ मेले में ट्रैफिक में लगे सभी होमगार्ड भी दो एक दिन में वापस आ जाएंगे। ऐसे में जाम से निजात दिलाएं जाने के लिए प्लानिंग तैयार की जाएगी। एसपी से लोगों को उम्मीदें है। उन्होंने एसओपी तैयार तो किया है। लेकिन एसओपी कुछ खास कारगर नहीं हो पा रहीं है।
जाम को देखते हुए नए एसपी ने एसओपी तैयार किया है
जौनपुर। एसपी आशीष तिवारी ने जाम से निपटने के लिए एसओपी तैयार कराई है। इसके तहत सड़क पर बस ट्रक खराब होने पर यातायात प्रभारी मौके पर तत्काल पहुंचेंगे। क्रेन मंगवाकर उसे तत्काल हटवाने का इंतजाम करेंगे। इसके अलावा नौ कोबरा जाम लगने पर समाप्त कराएं जाने के लिए लगाया गया है। इसके अलावा चौकी प्रभारी सिपाह, सिविल लाइन, टीडी कालेज, चौकी प्रभारी सरायख्याजा अपने - अपने इलाके में भ्रमण कर जाम समाप्त कराएंगे। सीओ सिटी यातायात को लेकर भ्रमण कर व्यवस्था देखेंगे। ऐसी व्यवस्था रहे जिससे जाम की स्थिति से लोगों को जूझना न पड़े। कोट:
जाम एक गंभीर समस्या है। जाम लगने के जितने भी कारण है सभी से निबटा जाएगा। अतिक्रमण हटवाने से लेकर यातायात नियमों का उलंघन करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। शहर में जहां तहां लोग गाडिय़ों को पार्क नहीं कर सकेंगे।
आशीष तिवारी
एसपी