सिंगरामऊ। क्षेत्र के हरिहरपुर गांव में नवनिर्मित श्री त्रिभुवनेश्वर महादेव धाम में मूर्ति स्थापना से पहले भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। भक्तों द्वारा सजायी गई झांकी ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। हाथी-घोड़ा बैंडबाजे के साथ निकाली गई शोभा यात्रा में भारी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इस दौरान बग्घी पर सवार काशी अन्नपूर्णा मठ के महंत दिगंबर शंकरपुरी महाराज व रथ पर सवार काशी मठ से दंडी स्वामी 1008 रामानंद महाराज का जगह-जगह स्वागत किया गया। शोभा यात्रा हरिहरपुर मंदिर से निकल कर बाबा गुदरनाथ धाम से गौरीशंकर मंदिर होते हुए सिंगरामऊ बाजार से निकलकर तकरीबन आठ किलोमीटर परिक्रमा कर वापस मंदिर पर आकर समाप्त हुआ। पिछले आठ दिन से मंदिर परिसर में कथा प्रवचन वाचक विद्यार्थी महाराज ने अपनी वाणी से अमृतवर्षा की। इस दौरान यज्ञशाला में विशाल यज्ञ का आयोजन भी किया गया। इस मौके पर कुंवर मृगेंद्र सिंह (शिवबाबा),रमापति मिश्र रामगुन मिश्र, जगदम्बा प्रसाद, अशोक कुमार, दिनेश चंद्र मिश्र, अंजनी मिश्र, नन्हे मिश्र, हौशिला पांडेय, शेषनाथ मिश्र, नरसिंह तिवारी, डा. नरेंद्र कुमार सिंह, इंदु प्रकाश तथा मंदिर के पुजारी हरिशंकर शुक्ल (पल्लू ) मौजूद रहे।