केराकत। केराकत उपजिलाधिकारी कार्यालय के ठीक सामने मुख्य सड़क पर स्थित पाइप लाइन में पिछले 20 दिनों से लीकेज हो रही है। इस पाइप लाइन से लगातार पानी बह रहा है। इससे रोजाना करीब 4 हजार लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। करीब 100 लोग रोज इस पानी का उपयोग कर सकते हैं। इससे न केवल सड़क पर जलभराव हो रहा है, बल्कि राहगीरों, स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्रों को भी परेशानी हो रही है लेकिन जिम्मेदार विभाग और अधिकारी मौन हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस बारे में नगर पंचायत को कई बार सूचना दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। लगातार बहते पानी से न केवल शुद्ध जल की बर्बादी हो रही है, बल्कि सड़क की हालत भी खराब होती जा रही है। रहवासियों ने बताया कि रोजमर्रा की आवाजाही में गंदे पानी से फिसलने का खतरा बना रहता है और गंदगी फैलने से बीमारियों की आशंका भी बढ़ गई है। स्कूल के समय बच्चों को पानी से बचते हुए सड़क पार करना पड़ता है, इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय निवासी सुमित शर्मा, प्रमोद सोनकर, गंगा साहू, सुभाष चौरसिया, गोविंद शिट आदि ने नगर पंचायत से मांग की है कि शीघ्र ही पाइप लाइन की मरम्मत कराई जाए और जलभराव की समस्या से निजात दिलाई जाए।
पाइप मरम्मत का सामान नगर पंचायत में उपलब्ध नहीं है। सामान के लिए डिमांड कर दी गई। सामान आने पर जल्द मरम्मत करा दी जाएगी। - सना सगीर, अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत केराकत।