जौनपुर । जिले में धान खरीद के लिए कुल 153 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों से अब तक 563 किसानों से 3579 टन धान की खरीद हो गई है। शासन ने इस बार 1.80 लाख टन खरीद का लक्ष्य तय किया है। हालांकि धान की खरीद के पहले दिन ही तीन किसानों से 134 क्विंटल धान की खरीद हो गई थी।
जिला प्रशासन ने इस बार पांच एजेंसियों मार्केंटिंग (विपणन) पीसीएफ, पीसीयू, एफसीआई और मंडी समिति को धान खरीद के लिए नामित किया है। इस साल एक लाख 48 हजार हेक्टेयर में धान की खेती हुई है। धान की खरीद एक नवंबर से शुरू है। अब तक 563 किसानों से 3579 टन धान की खरीद हुई है। जबकि 8793 रजिस्ट्रेशन भी करा लिया है। बदलापुर क्षेत्र के साधन सहकारी समिति, रजनीपुर, तियरा, केवटली आदि समितियों पर बोरी के अभाव में धान की खरीद सुस्त है। नकहरा खानदेव गांव निवासी लालचंद तिवारी, राजेश तिवारी, सिंघावल निवासी कुंवर मृगेंद्र सिंह, राजेश सिंह ने बताया है कि क्रय केंद्र पर बोरी के अभाव में खरीद धीमी गति से हो रही है। इस संबंध में जिला प्रबंधक पीसीएफ वीरेंद्र यादव ने बताया कि अब तक 3579 टन धान की हुई खरीद हो चुकी हे। तकनीकी खराबी के कारण कुछ क्रय केंद्रों पर प्रर्याप्त बोरे नहीं पहुंच सके हैं। शीघ्र ही इसकी व्यवस्था कर दी जाएगी।