जौनपुर। यातायात माह नवंबर के तहत सोमवार को छठ पर्व के दृष्टिगत यातायात पुलिस ने जागरूकता और चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 3517 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 45 वाहन सीज किए गए। प्रभारी निरीक्षक यातायात मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस टीम ने शहर के प्रमुख चौराहों, तिराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लाउडस्पीकर से उद्घोषणा कर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने, दोपहिया वाहन पर तीन सवारी न बैठाने, तेज गति और नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की गई। इसके अलावा वाहनों के शीशों पर काली फिल्म नहीं लगाने तथा हूटर, सायरन और प्रेशर हॉर्न का अनावश्यक प्रयोग नहीं करने की जानकारी दी गई। इस दौरान काली फिल्म लगे वाहनों से फिल्म उतरवाई गई। वहीं, बिना ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र और हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) के वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान में काली फिल्म के तीन, स्टंटबाजी के एक और हूटर-सायरन के एक मामले में भी चालान किया गया। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।