जौनपुर। मछुआ समुदाय को अनुसूचित जाति में परिभाषित कराने को लेकर निर्बल इण्डियन शोषित हमारा आम दल द्वारा जिला प्रयागराज में स्थितमहाराज गुहराज निषाद के किले से निकली मछुआ एससी आरक्षण जनआक्रोश यात्रा शनिवार को जिले में पहुंचीँ । इस यात्रा का
निषाद समाज के लोगों ने भव्य स्वागत किया। साथ ही यात्रा नगर में स्थित एक होटल में आयोजित सभा के रूप में बदल गईँ।
मछुआ एससी आरक्षण जनआक्रोश यात्रा की अगुवाई कर रहे निषाद पार्टी के राष्ट्रीयय अध्यक्ष डा. संजय निषाद ने बीजेपी सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाया। कहा कि प्रधानमंत्री ने बनारस में 2014 लोकसभा चुनाव में गंगा पुत्रों को आरक्षण देने का वादा किया था। मुख्यमंत्री ने 2015 में कसरवल आंदोलन गोरखपुर में कहा था कि निषादों को आरक्षण मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि रघुकुल रीति सदा चली आयी प्राण जाय पर वचन न जाई। अगर योगी रघुकुल के हैं तो निषादों को आरक्षण देकर अपना वादा पूरा करें। सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि 21 एवं 22 दिसंबर 2016 के शासनादेश और 29 मार्च के हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार मछुआरों का एससी का प्रमाण पत्र जारी करने को कहा। अगर सरकार मछुआरों के आरक्षण के मुद्दे पर जल्दी निर्णय नहीं लेती है तो जन आक्रोश यात्रा प्रदेश की सभी मछुआ बाहुल्य विधान सभाओं में घूम कर प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री का घेराव करके आंदोलन करेगी। जनसभा को राष्ट्रीय महासचिव रमेश बिंद, रघुराई निषाद, रविंद्रमणि निषाद, देवेंद्र कश्यप आदि ने सम्बोधित किया। इस अवसर पर रामभारत निषाद, राम चरित्र निषाद, अमरनाथ केवट, संदीप निषाद, अरविंद निषाद आदि उपस्थित रहे।