धर्मापुर। जालसाजों ने गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के मनिहा गोविंदपुर गांव निवासी एक व्यक्ति का डेबिट कार्ड बदलकर उसके खाते से 31 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने घटना की सूचना थाने में दी है। पुलिस देर रात तक सीसीटीवी फुटेज खंगालती रही। मनिहा गोविंदपुर निवासी दशरथ राम गौराबादशाहपुर पुलिस चौकी के बगल स्थित एसिक्स बैंक के एटीएम से शनिवार की शाम रुपये निकालने गए थे। इसी दौरान स्कूटी से पहुंचे एक युवक ने सर्वर स्लो होने की बात कहकर उसकी मदद करने लगा और इसी बीच उसका कार्ड बदल लिया। दशरथ राम के वहां से जाने के कुछ देर बाद उसके खाते से 31 हजार रुपये निकल गए। रुपये निकलने का मैसेज आने पर उसने घटना की सूचना पुलिस चौकी गौराबादशाहपुर में दी। चौकी प्रभारी रामजी सैनी ने बताया कि तहरीर मिली है। सीसीटीवी फुटेज के जरिये आरोपी की तलाश की जा रही है।