जौनपुर। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में आग लगने से मंगलवार को 31 बीघा गेहूं जलकर राख हो गया। इस दौरान सुईथाकला में 25 बीघा, मीरपुर चार बीघा व रतनपुर दो बीघा गेहूं जल गया। ग्रामीणों ने आग की लपटे देख फायर ब्रिगेड को सूचना देने के साथ ही आग बुझाने में जुट गए, जब तक वे आग पर काबू पाते, तब तक गेहूं की फसल जल कर राख हो गई। फायर ब्रिगेड के लेट पहुंचने पर ग्रामीणों ने रोष जताया।
सुईथाकला गांव में मंगलवार दोपहर सरपतहां पट्टी नरेंद्रपुर मार्ग स्थित जुड़ापुर के पास संदिग्ध परिस्थितियों में लगी आग से 25बीघे गेहूं जलकर राख हो गया । दोपहर करीब 1:30 बजे रामानंद पांडेय के गेहूं की खेत से आग की लपटें निकलने लगी। ग्रामीणों ने जब तक आग बुझाई, तब तक गांव के किसान वेद प्रकाश सिंह का 4 बीघा, विजय सिंह 4 बीघा, अनिल दुबे 3 बीघा, सभापति एक बीघा, बलराम प्रजापति का एक बीघा, पारसनाथ वर्मा एक बीघा, रामानंद पांडय का 3 बीघा, श्यामू का एक बीघा गेहूं जलकर राख हो गया। फायर ब्रिगेड की गाड़ी आग बुझाने के घंटों बाद पहुंची। मीरगंज क्षेत्र के मीरपुर गांव के अंबिका मौर्या चुलबुल की चार बीघा गेहूं की फसल के खेत के बगल में स्थित ईख के खेत में खरपकतवार जलाने के लिए मंगलवार को आग लगाया गया था। मंगलवार को साढे ग्यारह बजे आग बढ़ते -बढ़ते अंबिका मौर्या के गेहूं के फसल तक पहुच गयी। देखते ही देखते चार बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। सुजानगंज के रतनपुर गांव के भवानी शंकर तिवारी को दो वीघा गेंहू की फसल मंगलवार को दोपहर करीब दो बजे खेत के ऊपर से गुजरे बिजली के तार में स्पार्किंग होने से निकली चिंगारी से जल कर राख हो गया। राजस्व टीम पहुंचकर क्षति का आंकलन करने में जुट गई है।