जौनपुर। बीएसए डा. गोरखनाथ पटेल ने बुधवार को बरसठी ब्लॉक के परिषदीय स्कूलों का निरीक्षण किया। विद्यालय में कायाकल्प योजना, मध्यान्ह भोजन व सफाई में अनियमितता मिलने पर तीन प्रभारी प्रधानाध्यापकों को निलंबित कर दिया। पांच विद्यालयों के शिक्षक, शिक्षामित्र व अनुदेशकों का वेतन व मानदेय रोक दिया। बीएसए बुधवार को सुबह प्राथमिक विद्यालय बनकट महुवारी का 8:45 बजे निरीक्षण किया। प्रधानाध्यापक कक्ष, शौचालय गंदा मिला एवं हैंडवाश टूटा था। लकड़ी से खाना बन रहा था। प्रधानाध्यापक ने शिक्षक डायरी, पाठ योजना आदि नहीं दिखाई। इस पर प्रभारी प्रधानाध्यापक राजेश यादव को निलंबित कर दिया गया। प्राथमिक विद्यालय तिवारीपुर पर 9:15 बजे पहुंचे। शिक्षामित्र ऊषा यादव अनुपस्थिति रहीं। बीएसए ने उनका मानदेय रोक दिया। प्रधानाध्यापक कक्ष गंदा मिला, कमरों में झाले लगे थे। एक कक्ष में कबाड़ भरा था। शौचालय गंदा था। बीएसए प्रभारी प्रधानाध्यापक स्वामीनाथ पाल को निलंबित कर दिया। विद्यालय में सभी शिक्षक एवं शिक्षामित्रों का वेतन व मानदेय रोकते हुए स्पष्टीकरण मांगा। कम्पोजिट विद्यालय बारीगाँव में तैनात सहायक अध्यापक इन्द्रजीत यादव स्कूल चलो अभियान रैली में गए थे। शेष विद्यालय अध्ययरत छात्रों की अनुपस्थिति का विवरण 10 कार्य दिवसों से अद्यतन नहीं किया गया था। विद्यालय की रंगाई-पुताई नहीं कराई गई। ब्लैक-बोर्ड टूटा था। भौतिक परिवेश शिक्षण अनुकूल नहीं मिला। बीएसए ने प्रभारी प्रधानाध्यापक मानिकचंद्र को निलंबित कर दिया। समस्त शिक्षकों को अग्रिम वेतन वृद्धि को अवरूद्ध कर स्पष्टीकरण मांगा। उच्च प्राथमिक विद्यालय भैसहां का रसोईघर गंदा मिला। भोजन लकड़ी व चूल्हे पर बनाया जा रहा था। विद्यालय का भौतिक परिवेश शिक्षण अनुकूल नहीं पाया गया। प्रधानाध्यापक ने बीएसए को बताया कि बीआरसी पर कार्यरत सहायक लेखाकार पंकज दूबे सहयोग नहीं करते। खंड शिक्षा अधिकारी से पंकज दूबे के कार्य व्यवहार के संबंध में आख्या मांगी। बीएसए ने प्रभारी प्रधानाध्यापक का अग्रिम आदेश तक वेतन रोक दिया। प्राथमिक विद्यालय टकटैयां व उच्च प्राथमिक विद्यालय टकटैया का निरीक्षण किया। प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक मचंद पाल व उच्च प्राथमिक विद्यालय मानिकपुर के प्रभारी प्रधानाध्यापक विनय कुमार सिंह का अग्रिम आदेश तक वेतन रोक दिया। प्राथमिक विद्यालय मानिकपुर के निरीक्षण में आय-व्यय पंजिका एवं खेलकूद सामग्री का क्रय मानक के अनुरूप नहीं किए जाने पर प्रभारी प्रधानाध्यापक का अग्रिम आदेश तक वेतन रोक दिया।