मुख्तार अंसारी के करीबी मछली कारोबारी रवींद्र निषाद की जौनपुर पुलिस ने गुरुवार को चल-अचल समेत 3.71 करोड़ कीमत की संपत्ति जब्त कर ली। गैंगेस्टर एक्ट के तहत यह कार्रवाई की गई है। इसकी रिपोर्ट डीएम को भेजी गई है। जब्त की गई संपत्ति में 2.90 करोड़ की कीमत का निर्माणाधीन शॉपिंग मॉल भी शामिल है।
जब्त की गई संपत्तियों में एक बुलेट बाइक कीमत एक लाख, पांच-पांच लाख कीमत के दो पिकअप, जोगियापुर मोहल्ले में स्थित 55 लाख कीमत का एक मकान, इसी मोहल्ले में रत्ति द फिशर के नाम से निर्माणाधीन शॉपिंग मॉल (अनुमानित कीमत 2.90 करोड़) शामिल है। इसके अलावा आईसीआईसीआई बैंक के बचत खाते में मौजूद 582082 रुपया, इसी बैंक के चालू खाते में मौजूद 962886 रुपया नकद भी जब्त किया गया है।
एसपी अशोक कुमार ने बताया कि मछली माफिया रवींद्र निषाद ने मुख्तार अंसारी के साथ मिलकर मछली के अवैध कारोबार से अर्जित की है। उसी संपत्ति को पुलिस ने जब्त किया है। इसकी रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेज दी गई है। पुलिस की जांच में पता चला है कि उसने यह संपत्ति अपने भाई अरविंद कुमार निषाद, पत्नी गुंजा निषाद और खुद के नाम से अर्जित की है।