जौनपुर। अब यात्रियों को बसों का इंतजार करते वक्त चिलचिलाती धूप व बारिश की चिंता नहीं करनी होगी। सांसद श्याम सिंह यादव की निधि से जौनपुर के 29 प्रमुख चौराहों पर 2,35,77,000 रुपये से यात्री प्रतीक्षालय स्थापित किए जाएंगे। इससे बारिश व गर्मी में यात्रा करने वाले राहगीरों को काफी राहत मिलेगी। प्रति प्रतीक्षालय में 8,13,000 रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए बजट जारी कर दिया गया है। इसे मार्च तक पूरा कर लिया जाएगा।
जिले के भीड़-भाड़ वाले चौराहों व बस अड्डों पर यात्रियों को बैठने की प्रर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से खड़े होकर वाहनों का इंतजार करना पड़ता है। आम आदमी की समस्याओं को देखते हुए जौनपुर के सांसद श्याम सिंह यादव ने जिले के 29 स्थानों पर यात्री प्रतीक्षालय बनवाने का निर्णय लिया था। इसके लिए जौनपुर संसदीय क्षेत्र के 29 प्रमुख स्थानों पर जगह चिह्नित कर प्रतीक्षालय का निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है। यात्री प्रतीक्षालय का निर्माण होने से यात्रियों को सहूलियत मिलेगी।
यहां स्थापित होंगे प्रतीक्षालय:-
इसके लिए जौनपुर शहर स्थित रोडवेज डिपो में दो यात्री प्रतीक्षालय, जेसीज चौराहा, सिपाह, बदलापुर पड़ाव, मछलीशहर पड़ाव पर एक एक यात्री प्रतीक्षालय का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा शाहगंज क्षेत्र के लपरी चौराहा, गुरैनी बाजार, मानीकला बाजार, शाहगंज बाजार, बक्शा में नेशनल हाईवे से मई मोड़, बदलापुर क्षेत्र के घनश्यामपुर बाजार, बदलापुर सरकारी अस्पताल, बटाऊवीर बाजार, करंजाकला में पूर्वांचल विश्वविद्यालय के पास दो, सिद्दीकपुर में मेडिकल कॉलेज के पास, महाराजगंज में रमदैया मोड़, मछलीशहर में सरायवीका बाजार, मुंगराबादशाहपुर में मादडडीह मोड़, बुढ़िया का इनारा, सतहरिया सीडा में, सिकरारा में बरईपार बाजार, सुइथा में अरर्सिया बाजार, सुजानगंज के मधुपुर बाजार, सुजानगंज बाजार, बेलवार मोड़ पर यात्री प्रतीक्षालय स्थापित किए जाएंगे।
यात्रियों की सुविधा के लिए जौनपुर संसदीय क्षेत्र में 29 स्थानों को चिह्नित कर यात्री प्रतीक्षालय का निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है। प्रति प्रतीक्षालय में 8,13,000 रुपये खर्च होंगे।-श्याम सिंह यादव, जौनपुर सांसद।