जौनपुर। नगर के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नगर पालिका परिषद जौनपुर ने 25 करोड़ रुपये का विस्तृत विकास का प्रस्ताव तैयार कर लिया है। यह प्रस्ताव अब शासन को अनुमोदन के लिए भेजा जा रहा है। योजना के तहत नगर में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार व सुधार के लिए विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे। नगर विकास विभाग की कई प्रमुख योजनाओं के तहत इस राशि का उपयोग किया जाएगा। इसमें सबसे बड़ी राशि पेयजल योजना के तहत 10 करोड़ रुपये की है। इससे ट्यूबवेल की स्थापना व मरम्मत के लिए प्रस्तावित किया गया है।
यह शहर के चार जगहों ककोरगहना, तूतीपुर, प्रेमराजपुर, हर्दीपुर पर कराया जाएगा, इससे शहरवासियों को स्वच्छ और पर्याप्त जल आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी। वहीं नगरीय जल निकासी के तहत सात करोड़ रुपये की पाइप लाइन बिछाने और पुरानी पाइप लाइनों के पुनर्निर्माण में खर्च किए जाएंगे, ताकि जल आपूर्ति प्रणाली को और अधिक मजबूत व आधुनिक बनाया जा सके। यह पाइप लाइन नगर पालिका के आठ नए वार्डों में बिछाई जाएगी। पंडित दीनदयाल उपाध्याय सड़क योजना के तहत करीब आठ करोड़ रुपये से सड़क की मरम्मत की जाएगी। इसमें शहर की 70 से 80 सड़कों को लिया जा रहा है। इसके तहत जर्जर सड़कों की मरम्मत, नई सड़कों का निर्माण और ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने का कार्य शामिल है। प्रमुख मार्गों का चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण कराया जाएगा।इसके अतिरिक्त नगरीय जल निकासी योजना और पेयजल पुनर्गठन योजना के तहत भी शहर के पुराने ढांचों को बदला जाएगा, ताकि जलभराव की समस्या से मुक्ति मिल सके और स्वच्छ पेयजल हर घर तक पहुंचाया जा सके।