जौनपुर। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विधायक निधि के ढाई-ढाई करोड़ की पहली किस्त शासन ने जारी कर दी है। अब विधायक अपने क्षेत्र में विकास कार्य करा सकेंगे। इसके लिए नौ विधायकों और एक एमएलसी से प्रस्ताव मांगा जा रहा है। इस धनराशि से सड़कों का निर्माण, इंटरलॉकिंग, पेयजल व्यवस्था सहित अन्य विकास कार्य कराए जाएंगे। जनपद के नौ विधानसभा क्षेत्रों में विधायकों व एक विधान परिषद सदस्य को यह निधि मिली है। सदर विधायक व राज्यमंत्री गिरीशचंद्र यादव, बदलापुर विधायक रमेशचंद्र मिश्रा, मल्हनी विधायक लकी यादव, जफराबाद विधायक जगदीश नारायण राय, मड़ियाहूं विधायक आरके पटेल, केराकत विधायक तूफानी सरोज, मछली शहर विधायक डॉ. रागिनी सोनकर, मुंगराबादशाहपुर विधायक पंकज पटेल, शाहगंज विधायक रमेश सिंह, विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह प्रिंसू की निधि जारी हो गई है। सभी को ढाई-ढाई करोड़ की किस्त जारी हुई है। निधि मिलने के बाद विधायक अपने-अपने क्षेत्र में सड़क, खड़जा नाली, सामुदायिक भवन, शैक्षिक भवन, इंटरलाकिंग के कार्य तेजी से करा सकेंगे। विभागीय अधिकारियों के अनुसार जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों के प्रस्ताव देंगे, जिनके आधार पर कार्य योजनाएं तैयार कर अमल में लाई जाएंगी। विधायक निधि के तहत प्रत्येक जनप्रतिनिधि को सालाना पांच करोड़ रुपये मिलते हैं, जिसकी यह पहली किस्त है। इससे जिले के विकास को और पंख लगेंगे।