वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय शिक्षणेतर कर्मचारी संघ चुनाव के लिए सोमवार को अध्यक्ष पद के तीन प्रत्याशियों समेत कुल 25 ने नामांकन किया। संयुक्त मंत्री पद के प्रत्याशी रामनाथ राम ने अपना पर्चा वापस ले लिया। अब चुनाव मैदान में 24 प्रत्याशी हैं। कोषाध्यक्ष और 11 सदस्यों का निर्विरोध चुना जाना तय है। कोषाध्यक्ष पद के लिए कपिल कुमार त्यागी ने अकेले पर्चा दाखिल किया। सदस्यों के कुल 11 पद हैं। इतने ही प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया है।
इस नाते सभी का निर्विरोध चुना जाना तय माना जा रहा है। चुनाव 12 फरवरी को होगा। सोमवार को सुबह दस बजे से दो बजे तक प्रशासनिक भवन के मीटिंग सभागार में चुनाव अधिकारी डा. अजय द्विवेदी की देखरेख में पर्चा दाखिल किया गया। अध्यक्ष पद के लिए अमलदार यादव, केशव प्रसाद यादव और रामजी सिंह ने पर्चा दाखिल किया है।
उपाध्यक्ष पद के लिए राधेश्याम सिंह मुन्ना, एसबीएच रिजवी और संजय कुमार श्रीवास्तव, महामंत्री पद के लिए रामसेवक यादव और स्वतंत्र कुमार चुनाव मैदान में हैं। कोषाध्यक्ष पद के लिए कपिल कुमार त्यागी ने अकेले पर्चा दाखिल किया है। संयुक्त मंत्री पद के लिए जियालाल यादव, मुकेश कुमार श्रीवास्तव, रामनाथ राम, शंभूशरण और शांति प्रकाश मिश्र ने पर्चा दाखिल किया।
रामनाथ राम के पर्चा वापस लेने के कारण अब अब संयुक्त मंत्री पद के लिए चार प्रत्याशी मैदान में हैं। इसी प्रकार सदस्य के लिए चंदन यादव, दिनेश चंद्र अस्थाना, दिलगीर हसन, जैसलाल यादव, मनु मिश्रा, राकेश कुमार, रमेश चंद्र चौधरी, रमेश कुमार सिंह, रामआसरे वर्मा, नरेंद्र प्रसाद श्रीवास्तव, सैयद मोहम्मद इमाम ने पर्चा दाखिल किया। सदस्य के कुल 11 पद हैं। इतने ही लोगों ने पर्चा दाखिल किया है।
सोमवार को सुबह 10 से दो बजे तक नामांकन हुआ। तीन से पांच बजे तक पर्चा वापसी का समय था। संयुक्त मंत्री के प्रत्याशी रामनाथ राम ने अपना पर्चा वापस ले लिया। संयुक्त मंत्री पद के लिए चार प्रत्याशी मैदान में हैं। चुनाव 12 फरवरी को सुबह 10 बजे से शुरू होगा।