जौनपुर। राष्ट्रीय पात्रता व प्रवेश परीक्षा (नीट) रविवार को जिले के 12 केंद्रों पर शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। परीक्षा में 236 छात्र अनुपस्थित रहे। परीक्षा दो बजे से 5.20 बजे तक एक पाली में कराई गई।
सुबह सभी केंद्रों पर 11 बजे से छात्रों की स्क्रीनिंग कराने के साथ ही प्रवेश शुरू हुआ। छात्रों का सत्यापन करने के बाद ही उन्हें परीक्षा हाल में प्रवेश दिया गया। छात्रों के सत्यापन के लिए शासन स्तर से ही टीम लगाई गई थी। सभी केंद्रों पर परीक्षा की निगरानी के लिए आर्ब्जबर लगाए गए थे। सुरक्षा देखते हुए सभी केंद्रों पर पुलिस तैनात की गई थी। नीट परीक्षा कराने की जिम्मेदारी सीबीएसई को सौंपी गई थी।नीट परीक्षा की संयोजक डा.रूचि शर्मा ने बताया कि परीक्षा के लिए कुल 7452 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें से 236 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा के चलते दिन भर शहर में भीड़ रही।