जौनपुर। पुलिस लाइन में सुबह 6 बजे से लेकर करीब नौ बजे तक उत्सव जैसा माहौल था। इस दौरान कई ऐसे भी पल आए जब सीना गर्व से चौड़ा हो जा रहा था। पुलिस लाइन के बड़े मैदान के दो छोर से 226 रिक्रूट आरक्षियों का परेड जब सुबह 7.35 बजे के करीब शुरू हुआ तो देखते ही बन रहा था। पासिंग परेड में शामिल सिपाही भी कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रहे थे, जब वे अलग-अलग टोलियों में दीक्षांत परेड करते हुए मुख्य अतिथि पुलिस महानिरीक्षक वाराणसी, परिक्षेत्र वाराणसी, के सत्यनरायणा और पुलिस अधीक्षक अजय साहनी तथा एएसपी सिटी डा. संजय कुमार के सामने से गुजरे तो मैदान के दूसरे तरफ खड़े सिपाहियों के परिवारी जनों के चेहरे पर खुशी देखते ही बन रहा था। वहीं, इस दौरान 18 बिंदुओं पर हुए परीक्षा में उत्कृष्ट आए सिपाहियों को सम्मानित भी आईजी के हाथों कराया गया, जिसमें विजय किशन ने सर्वाधिक तीन सम्मान अपने नाम किया।
सुबह 7.15 बजे से ही कार्य़क्रम प्रारंभ हो गया था। सेरमोनियम परेड के बाद 7.25 बजे एसपी अजय कुमार साहनी पहुंचे। फिर पांच मिनट बाद आईजी। 7.40 बजे परेड का निरीक्षण किया गया। इसके पांच मिनट बाद परेड मार्च पास्ट शुरू हुई, जो मंच से गुजरते हुए निर्धारित स्थान तक गई। यह दृष्य देखते ही बन रहा था। इसके बाद एसपी ने सभी रिक्रूट आरक्षियों की संक्षेप में रिपोर्ट प्रस्तुत किया। इस, दौरान बाह्य् विषयों में प्रथम स्थान पाने वाले टाप 9 आरक्षियों का सम्मान किया गया, जिसमें विजय किशन ने तीन पुरस्कार अपने नाम किया, जबकि शुभनीत पाल, प्रधम्न शर्मा, शुभम यादव, अनुज यादव, धीरेंद्र कुमार रौठार और शिवम वर्मा पुरस्कृत किए गए। इसके बाद अंत:कक्षीय विषयों में प्रथम स्थान पाने वाले टाप 6 आरक्षियों को सम्मानित किया गया, जिसमें उत्कर्ष सिंह, रजत गौतम, अनिल कुमार, रोहित श्रीवास्तव, शुभम प्रताप सिंह और दीपक पाल रहे। वहीं, संपूर्ण परेड में नेतृत्व के लिए आशीष कुमार, सौरभ यादव और शीलू राजपूत को सम्मानित किया गया। नौ बजे पासिंग परेड खत्म होने के बाद सिपाहियों ने अपने परिवार के लोगों के साथ जमकर सेल्फी ली। इस दौरान कइयों के आंखों से खुशी के आंसू भी निकल पड़े। एएसपी सिटी डा. संजय कुमार ने बताया कि पासिंग परेड में 226 रिक्रूट आरक्षी पास, हो गए हैं। अब इनकी तैनाती पीएसी में होगी। वहीं, पत्रकारों से बातचीत में आईजी ने कहा कि जौनपुर में परेड काफी बेहतर देखने को मिला। जवानों को बेहतर तरीके से प्रशिक्षण दिया गया था।