जौनपुर। जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या धीरे-धीरे बढ़कर 98 पहुंच गई है। डेंगू की निगरानी के लिए कराएं गए 139 लोग एनएस वन पाॅजिटिव मिले थे। इनकी एलाइजा जांच कराई गई। इनमें 98 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। यानी 22 नए मरीज मिले हैं। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर जारी रिपोर्ट में डेंगू के मरीज बढ़ने की पुष्टि की गई है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक छिटपुट मरीज मिल रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि ऐसे इलाकों पर नजर रखी जा रही है जहां डेंगू का संक्रमण फैलने की संभावना है। जिला अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले सर्दी जुकाम और बुखार के मरीजों की जांच भी प्राथमिकता के आधार पर कराई जा रही है। जिला मलेरिया अधिकारी डा. बीपी सिंह ने बताया कि जिले में 165 हाट स्पाट चिन्हित किए गए हैं। जिसमें से 13 अति संक्रमित इलाके हैं। रामपुर, बदलापुर, मछलीशहर, सुजानगंज, सिकरारा, मुंगराबादशाहपुर समेत कुल 165 हाट स्टाप चिन्हित किए गए हैं। इस शहर के मियांपुर में मरीज मिले हैं। इसके चलते स्वास्थ्य विभाग इस इलाके में नियमित रूप से निगरानी कर रहा है।