जौनपुर। जिले के सीएचसी और पीएचसी पर लंबे समय से तैनात 22 चिकित्सकों का स्थानांतरण होगा। शासन नई स्थानांतरण नीति के बाद इनकी सूची तैयार की गई है। इनमें से कई डाक्टर तो 15 से भी अधिक समय से यहां जमे हुए हैं। तबादला तय होने के बाद कुछ चिकित्सकों ने मनचाही तैनाती के लिए जुगाड़ लगाना भी शुरू कर दिया है। जिले में 22 सीएचसी, 73 ग्रामीण स्तरीय पीएचसी और 8 ब्लाक स्तरीय पीएचसी हैं। इन केंद्रों पर चिकित्सकों के कुल 268 पद सृजित हैं, लेकिन इसके सापेक्ष महज 214 चिकित्सकों के सहारे ही व्यवस्था चल रही है। इसमें डेंटल के 21 और आयुर्वेद के 9 चिकित्सक हैं। चिकित्सकों के 54 पद लगातार खाली चल रहे हैं। करीब 20 से 25 चिकित्सक ऐसे हैं जिनकों दो केंद्रों की जिम्मेदारी दी गई है। वह सप्ताह में तीन-तीन दिन दोनों केंद्रों पर सेवा देते हैं। ऐसे चिकित्सक जिनकी तैनाती को 15 साल या उससे अधिक समय बीत चुका है, उनके अब तबादले की तैयारी शुरू हो गई है।