जौनपुर। जनपद के सभी थानों में शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस मौके पर एक नई पहल की गई है, जिसके तहत बक्सा थाने में मॉडल थाना समाधान (सहमति दिवस) का आयोजन किया गया। इस दौरान 40 साल तक के पुराने 22 मामलों को आपस में सुलह-समझौता कराकर हल कराया गया।
बक्शा थाना क्षेत्र के दरबानीपुर गांव का 40 वर्षीय पुराने जमीन मामले को आपसी सहमति से निस्तारण किया गया। पुरेराम जी गांव में एक पक्ष के बासदेव और दूसरे पक्ष के प्रमोद के बीच रास्ते का विवाद जिलाधिकारी ने सुन अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया। एसडीएम सदर और ज्वांइट मजिस्ट्रेट हिमांशु नागपाल ने एक-एक कर कुल 26 मामलों का निस्तारण किया। दरवानीपुर गांव में 40 साल पुराने विवादित मामले में एक पक्ष के मोहम्मद आदिल व दूसरे पक्ष के मोहम्मद शादाब के बीच जमीन विवाद का निस्तारण आपसी सहमति से किया गया। सवंसा के मेहीलाल विश्वकर्मा और सतीश विश्वकर्मा के बीच विवाद में लेखपाल को तत्काल मौके पर जाकर हिस्साकशी करने का आदेश दिया तो बर्जी गांव में बन रहे रास्ते में किसी प्रकार का बाधा न हो थानाध्यक्ष को निर्देश दिया। इसके अलावास बेलापार गांव के प्रताप नारायण और केदारनाथ, रैदासपुर के शैलेष और शिवमूर्ति, भुतहा के छोटेलाल विश्वकर्मा व गिरीश तिवारी, मई के अमरजीत व पारसनाथ, दरवानीपुर के मोहम्मद अबुजर व कलामुद्दीन, लखौवा के सुधीर मौर्या व अवधेश, सुल्तानपुर गांव के सीता देवी व कबई शर्मा, सभाजीत मई, जय सिंह गैरी खुर्द, उर्मिला देवी प्रधान सहित कुल 22 लोगों के मामले निस्तारित किए गए। इस दौरान सीआरओ रजनीश राय, सीओ सदर एसपी उपाध्याय, एसीओ चकबंदी बृजेश पाठक, एसओ ओम नारायण सिंह सहित राजस्व टीम मौजूद रही। थाना परिसर में टेंट लगाकर परिसर को खूबसूरत ढंग से सजाया गया था, जिसका उद्घाटन जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने किया। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में दूसरे और चौथे शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया जाता है।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने बताया कि आज कुल 28 प्रार्थना पत्र आए, जिनमें से 40 साल से पुराने मामलों का कुल 22 मामलों में दोनों पक्षों एवं अन्य लोगों की उपस्थिति में सुनवाई करते हुए समझौता कराया गया है। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार अन्य थानों में भी थाना दिवस पर मॉडल थाना समाधान/सहमति दिवस का आयोजन किया जाएगा। इसमें आम सहमति के आधार पर शिकायतों का निस्तारण किया जाएगा। इसी तरह, नेवढि़या में थानाध्यक्ष विश्वनाथ प्रताप सिंह के अध्यक्षता में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। 16 प्रार्थना पत्रों में से छह का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। केराकत कोतवाली परिसर में 13 प्रार्थना पत्र पड़े, जिसमें से मौके पर चार का निस्तारण किया गया। इस मौके पर उपजिलाधिकारी केराकत माज अख्तर, तहसीलदार अमित त्रिपाठी, प्रभारी निरीक्षक केराकत संजय वर्मा आदि मौजूद रहे। महराजगंज थाना दिवस पर महाराजगंज थाने में राजस्व पुलिस विभाग के 14 मामले आए, जिसमें मौके पर किसी का निस्तारण नहीं हुआ।
सुजियामऊ गांव में वरासत न होने की शिकायत
बक्शा। सुजियामऊ गांव निवासी पूर्व प्रधान व पूर्व ब्लॉक प्रमुख श्रीपति उपाध्याय ग्रामीणों संग सहमति दिवस पर पहुंच बीते 40 साल से वरासत न दर्ज होने की शिकायत रखी। आरोप था कि वरासत नहीं किया जा रहा है, जिससें बड़ी संख्या में लोगों का नाम नहीं चढ़ पा रहा है। एसडीएम ने राजस्वकर्मी से पूछताछ की तो पता चला कि चकबंदी प्रक्रिया के कारण दिक्कतें थीं। तकनीकी दिक्कतें कम होते ही प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।