जौनपुर। लोकसभा चुनाव में कई प्रत्याशियों ने होटलों को अपना कार्यालय बना लिया है। यहां दावत वोटरों और समर्थकों को दी जा रही है। शराब भी परोसा जा रहा है। प्रत्याशी होटल को अपने खर्चे में नहीं दिखा रहे हैं। बंद कमरे में अलग-अलग लोगों को दावतें दी जा रही है। प्रशासन का ध्यान इस तरफ नहीं है। जिससे आचार संहिता का खुलेआम उल्लंघन हो रहा है। सूत्रों की माने तो एक होटल में प्रत्याशी ने लाखों रूपए का भोजन कार्यकर्ताओं को करा दिया लेकिन जब होटल मालिक ने पैसा मांगा तो प्रत्याशी देने से कन्नी काट रहे हैं। ऐसे में कार्यकर्ताओं को भोजन देना होटल ने बंद कर दिया। मोहल्लों में भी अलग-अलग स्थानों पर आयोजन कर दावत के नाम पर लोगों को एकत्रित कर प्रत्याशी अपने पक्ष में मतदान करने का दबाव बना रहे हैं। मोहल्ले-मोहल्ले के ठेकेदारों को दावत के नाम पर मान मनौवल की जा रही है। दावत का दौर गांवों में भी शुरू हो गया है। ग्राम प्रधान और पार्टियों के समर्थक दावत देकर वोटरों को लुभा रहे हैं। कहीं भी प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर पाया। जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी का कहना है कि ऐसी कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि ऐसा करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।