जौनपुर। लोकसभा चुनाव की घोषणा हो चुकी है लेकिन किसी भी दल ने अभी तक प्रत्याशियों को लेकर पत्ते नहीं खोले हैं। लोगों की निगाहैं प्रत्याशियों पर हैं। हर दल के लोग एक दूसरे दल के प्रत्याशियों को लेकर कयास लगा रहे हैं। वोटरों को चुनावी मैदान में प्रत्याशियों के चेहरे को लेकर बेसब्री से इंतजार है।
जिले की दोनों लोकसभा सीट भाजपा के खाते में हैं। सदर लोक सभा सीट से भाजपा के केपी सिंह तो मछलीशहर सुरक्षित सीट से रामचरित्र निषाद सांसद हैं। वैसे तो भाजपा के ये दोनों सांसद इस चुनाव में भी अपना टिक्कट पक्का मानकर चल रहे हैं लेकिन राजनीतिक गलियारों में भाजपा से किसी नए चेहरे के आने की संभावनाओं पर भी खूब चर्चा हो रही है। टिकट की मांग करने वाले पार्टी के कई नेता भी खुद की दावेदारी को पक्की मानकर चल रहे हैं। पार्टी के अंदर खाने में भी प्रत्याशी को लेकर उहापोह की स्थिति बनी है। कमोबेस यही स्थिति सपा बसपा गठबंधन में भी है। लोकसभा की दोनों सीटें बसपा के खाते में है। हालांकि समाजवादी पार्टी के बड़े नेता अपने समर्थकों के साथ अभी भी लखनऊ में डेला डाले हुए हैं। वे अभी भी इस प्रयास में हैं कि एक सीट सपा के खाते में दी जाए। पार्टी सूत्रों पर यकीन करें तो अभी शुक्रवार को राज्य मुख्यालय पर इस मांग को लेकर पार्टी के कुछ नेताओं ने राष्ट्रीय नेतृत्व से सम्पर्क किया तो उन्हें दो टूक जवाब मिला कि अगर उनका दल में विश्वास है तो चुपचाप जाकर गठबंधन का प्रचार करें। पार्टी सूत्रों की माने तो बसपा जातीय समीकरण को बैठाने के लिहाज से भाजपा उम्मीदवार की घोषणा के इंतजार में है। कांग्रेस से भी टिकट के लिए वैसे तो कई लोगों ने दावा ठोंका है लेकिन कांग्रेस भी अभी तक जिले की दोनों सीटों में से किसी भी सीट के लिए प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है।