जौनपुर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन मनमाने तरीके से किया जा रहा है। हर परीक्षक रोजाना 250 कापियां जांच रहा है जबकि जानकारों का कहना है कि कोई परीक्षक ठीक से 100 कापियों से ज्यादा नहीं जांच सकता। जिले में बनाए गए छह मूल्यांकन केंद्रों पर 3441 परीक्षकों ने चार दिन में कुल 331052 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कर डाला है।
जिले में कुल 879367 उत्तरपुस्तिकाओं का आवंटन मूल्यांकन के लिए किया गया है। अभी 548315 उत्तर पुस्तिकाओं को मूल्यांकन होना बाकी है। 13 मार्च को जनक कुमारी इंटर कालेज केंद्र पर 21430 उत्तरपुस्तिकाओं को मूल्यांकन हुआ। इसी प्रकार ग्रामोदय इंटर कालेज गौराबादशाहुर केंद्र पर 18156, जीजीआईसी केंद्र पर 12357, सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केंद्र पर 13908, रजाडीएम शिया इंटर कालेज केंद्र पर 17717 और मोहम्मद हसन इंटर कालेज केंद्र पर 12890 कापियों का मूल्यांकन किया गया। मोहम्मद हसन इंटर कालेज में हाईस्कूल की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कराया जा रहा है। इस केंद्र पर 58 टेबल पर 529 परीक्षक कापियों का मूल्यांकन कर रहे हैं। शिया इंटर कालेज केंद्र पर हाईस्कूल के मूल्यांकन के लिए 83 टेबल पर 834 परीक्षक मूल्यांकन कर रहे हैं।सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पर हाईस्कूल की कापियों का मूल्यांकन के लिए 50 टेबल पर 534 परीक्षक कापियों का मूल्यांकन कर रहे हैं।राजकीय बालिका इंटर कालेज केंद्र पर इंटरमीडिएट की कापियों के मूल्यांकन के लिए 52 टेबल पर 451 परीक्षक मूल्यांकन कर रहे हैं। ग्रामोदय इंटर कालेज गौराबादशाहपुर में 75 टेबल पर 718 परीक्षक मूल्यांकन कर रहे हैं। जनक कुमारी विद्यालय हुसेनाबाद में 42 टेबल पर 375 परीक्षक मूल्यांकन कर रहे हैं।
पूर्व शिक्षक विधायक ने मूल्यांकन केंद्रों का किया निरीक्षण
जौनपुर। पूर्व शिक्षक विधायक प्रमोद कुमार मिश्र ने बुधवार को मूल्यांकन केंद्रों का दौरा कर शिक्षकों की परेशानियों की जानकारी ली। संघ के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह के साथ उन्होंने सबसे पहले जनक कुमारी इंटर कालेज केंद्र पर चल रहे मूल्यांकन कार्य की जानकारी ली। शिक्षकों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। इसके बाद मूल्यांकन के लिए बनाए गए सभी केंद्रों का निरीक्षण किया। शिक्षकों से अपील किया कि समय से मूल्यांकन कार्य पूरा कर लें ताकि रिजल्य भी समय से घोषित किया हो सके।