जौनपुर। जिला कारागार सुरक्षित नहीं है। कारागार से सटे भवनों की वजह से कभी भी कोई अप्रिय घटनाएं हो सकती हैं। इसकी भनक शासन को मिली है। शासन के निर्देश पर सोमवार को सिटी मजिस्ट्रेट एवं सीओ सिटी ने जेल अधिकारियों के साथ जेल परिसर का डोर टू डोर निरीक्षण किया। उन्होंने खतरे के प्वाइंट को चिह्नित भी किया। दो दिन में अधिकारी अपनी रिपोर्ट शासन को भेजेंगे। इसके तहत अब जेल की सभी बैरकों एवं मेन दीवार पर सीसी कैमरा लगाया जाएगा।
जौनपुर की जेल काफी पुरानी है। इसके पश्चिमी हिस्से में कई मकान सटे हुए बन गए हैं। जिनकी छतों से जेल की गतिविधियां लोग देखते रहते हैं। यही नहीं पार्क साइड से अराजक तत्व जो सामान जेल के अंदर भेजते हैं। इसके लिए अब ढाई मीटर ऊंची जाली लगाई जाएगी। जेल की दीवारें कई जगह टूटी हुई हैं। ऐसी दीवारों की मरम्मत का भी प्लान तैयार किया जाएगा। मौजूदा समय में जेल में 30 सीसी कैमरे लगाए गए हैं। अब इनकी संख्या और बढ़ाकर जेल के बाहरी दीवारों एवं सभी बैरकों के अंदर भी लगाया जाएगा। ताकि बंदी मोबाइल से अगर किसी से बात करते हैं, तो उन पर नजर रखी जा सके। सिटी मजिस्ट्रेट सुरेंद्रनाथ मिश्र एवं सीओ सिटी नृपेंद्र ने जेल अधीक्षक एके मिश्र एवं जेलर संजय सिंह के साथ जेल सुरक्षा के संबंध में बैठक कर प्लान तैयार करने के संबंध में चर्चा की। जेल अधीक्षक एके मिश्र ने बताया कि कारागार की सुरक्षा को देखते हुए प्लान तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जो कमियां थीं, उस पर प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ चर्चा हुई।