जौनपुर। आम आदमी पार्टी ने आगरा में संजलि को जिंदा जलाने की हुई घटना के विरोध में जूलुस निकालकर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग को लेकर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन मजिस्ट्रेट को सौंपा। कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार अपराध पर अंकुश लगाने में पूरी तरह से विफल साबित हो रही है।
पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता और जिलाध्यक्ष डा. अनुराग मिश्र ने कहा कि प्रदेश में अराजकता का माहौल है। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता इसी के विरोध में प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंप रहे हैं। लचर कानून-व्यवस्था व महिलाओं पर अत्याचार का उदाहरण आगरा में संजलि को जिंदा जलाने की घटना है। प्रदेश में हत्या, बलात्कार व छेड़खानी जैसी घटनाएं आम हो गई हैं। बढ़ते अपराध के चलते महिलाएं अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। जो सरकार बेटी-बचाओ, बेटी-पढ़ाओ का नारा देती है, वहीं सरकार आज महिलाओं पर हो रहे अत्याचार पर अंकुश नहीं लगा पा रही है। संजलि हत्याकांड की सीबीआई जांच होनी चाहिए। इस मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट के द्वारा तीन माह के भीतर निस्तारण कर दोषियों को सजा दिलाई जाए। जिला सचिव मोहम्मद हैदर खान ने कहा कि कानून व्यवस्था में सरकार पूरी तरह फेल है। इस मौके पर विधानसभा प्रभारी मड़ियाहूं अजय यादव, शाहगंज विधानसभा प्रभारी मोहम्मद गालिब, संगठन संयोजक सोम कुमार वर्मा, जिलाध्यक्ष नंदिनी साहू, विधानसभा प्रभारी मुंगराबादशाहपुर मनीष केशरी, राकेश चतुर्वेदी, कामता प्रसाद सिंह, सुनील यादव, वकील अहमद अंसारी, मनीष केशरी,अजय यादव, बबलू गुप्ता, राजेश यादव, राजेंद्र सिंह, अमरनाथ यादव, दिवाकर मौर्य, हिंद नारायण तिवारी, राजित यादव, सुंदरी यादव, तीरथ राज यादव, श्याम लाल पटेल, चंद्रबली सोनकर आदि मौजूद रहे।