जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से संबद्ध बीपीएड कॉलेजों की सीटें अभी नहीं भर पाई हैं। इसी बीच एमएड कॉलेजों में भी सीटें भरने का संकट खड़ा हो गया है। पहली काउंसिलिंग में एमएड की 350 सीटों के लिए केवल 192 अभ्यर्थियों ने काउंसिलिंग कराई है। अभी भी 158 सीटें खाली पड़ी हैं। विश्वविद्यालय से संबद्ध जौनपुर और गाजीपुर के सात एमएड महाविद्यालयों की 350 सीटों के लिए सोमवार को काउंसिलिंग कराई गई। काउंसिलिंग में राजा हरपाल सिंह पीजी कॉलेज सिंगरामऊ, तिलकधारी महाविद्यालय जौनपुर, राजा श्रीकृष्ण दत्त पीजी कॉलेज जौनपुर, जय बजरंग महिला महाविद्यालय मुंगराबादशाहपुर जौनपुर, गुरु फूलचंद महाविद्यालय गाजीपुर, गोपीनाथ महाविद्यालय देवली सलामतपुर गाजीपुर, बाबा गज्जनदास बालिका महाविद्यालय खनकाह महाविद्यालय धरवां गाजीपुर में प्रवेश के लिए काउंसिलिंग कराई गई। काउंसिलिंग में केवल 192 अभ्यर्थी ही शामिल हुए। अभी भी 158 सीटों पर दाखिला होना बाकी है। प्रवेश परीक्षा में 370 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। अभी 178 अभ्यर्थियों को काउंसिलिंग में शामिल होना बाकी है। 16 सितंबर को दूसरी काउंसिलिंग कराई की तिथि तय की गई है। काउंसिलिंग करा रहे लोगों को कहना है कि छात्रों का रुझान एमएड करने में कम दिखाई दे रहा है। प्रवेश परीक्षा के संयोजक प्रो. डॉ. अजय कुमार दुबे का कहना है कि सीटें भरने के लिए एक मौका और दिया जाएगा। कॉलेज इस बात के लिए परेशान हैं कि सीटें नहीं भरी तो काफी नुकसान होगा। कमोवेश यही स्थिति बीपीएड महाविद्यालयों की है। जौनपुर एक और गाजीपुर के सात सहित कुल 8 महाविद्यालयों में बीपीएड की 585 सीटों पर दाखिला के लिए प्रवेश परीक्षा कराई गई थी। प्रवेश के लिए 250 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। अगस्त के अंतिम सप्ताह में काउंसिलिंग कराई गई थी, इसमें 176 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। आज भी 409 सीटें खाली पड़ी है। सभी सीटें भरने के लिए द्वितीय काउंसिलिंग 18 सितंबर को और तृतीय काउंसिलिंग 19 सितंबर को कराने के लिए तिथि तय की गई है। बीपीएड प्रवेश समिति के समन्वयक डॉ. शेखर सिंह ने बताया कि 19 सितंबर को समिति की बैठक बुलाकर खाली पड़ी को भरने के लिए निर्णय लिया जाएगा। पोर्टल के जरिये आवेदन लेकर खाली सीटों को भरा जाएगा। गाजीपुर में बीपीएड के 7 महाविद्यालय और जौनपुर केवल एक महाविद्यालय का संचालन हो रहा है।