सतहरिया। मुंगराबादशाहपुर के चौराहे पर थाने के सामने व उसके अगल-बगल आडे़ तिरछे खड़े वाहनों से आए दिन जाम लग रहा है। जिससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। जानकारी के बाद भी पुलिस प्रशासन इस दिशा में कोई पहल नहीं कर रही है। सवारी उठाने के होड़ में चालक सड़क पर वाहन खड़ा कर देते हैं। जिससे हर रोज जाम लगता है। प्राइवेट वाहन बेख़ौफ़ होकर चौराहे पर वाहन बेतरतीब खड़ा कर देते हैं। जिससे घंटों जाम में फंसकर लोग हलाकान होते हैं। कस्बे में लग रहे जाम के कारण लोगों में असंतोष बढ़ गया है। जाम का आलम यह है कि पुलिस के संरक्षण में थाने के पास टेम्पो अड्डे का संचालन हो रहा है। राजमार्ग की पटरी पर टेम्पों खड़ा कर चालक संवारी भरते रहते हैं। वहीं डग्गामार वाहन भी ओवर लोड संवारी भर कर पुलिस की मिलीभगत से बेरोकटोक आ जा रहे हैं। प्राइवेट वाहनों को सवारी भरने के लिए निर्धारित अड्डा बनाया गया है। लेकिन उन्हें तय स्थान पर नहीं भेजा जा रहा है। पटरियों पर लगे ठेले व दुकान से भी जाम कस्बे के अंदर बाहर लग रहा है। इसे न हटवाने में पुलिस के अलावा पालिका प्रशासन भी जिम्मेदार है। इससे छात्रों, राहगीरों, यात्रियों को फजीहत उठानी पड़ रही है। वहीं एम्बुलेंस में बैठे मरीजों के लिए जाम जानलेवा साबित हो रहा है।