जौनपुर। डीएम आफिस के समीप हुसेनाबाद मोहल्ले में इन दिन एक सांड़ के आतंक से लोग परेशान हैं। बुधवार को एक बार फिर सांड़ के हमले से एक महिला बुरी तरह जख्मी हो गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद से मोहल्लेवासियों में भय का माहौल है। सांड़ के हमले से एक माह पूर्व एक वृद्ध की मौत भी हो चुकी है। बताया जाता है कि डीएम आफिस के पास मोहल्ले में एक सांड़ के हमले से दर्जन भर से अधिक लोग घायल हो चुके हैं। मोहल्ले वासियों ने उसे पकड़ने के लिए कई बार नगर पालिका प्रशासन से अनुरोध किया लेकिन पालिका प्रशासन चुप्पी साधे हुए है। इसी क्रम में बुधवार को सांड़ ने मोहल्ला निवासी स्वर्गीय ओमकार यादव की पत्नी सरिता यादव(45) पर हमला कर जख्मी कर दिया। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है, जहां पर उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। मालूम हो कि मोहल्ला निवासी व दीवानी न्यायालय के अवकाश प्राप्त नाजिर हदय मोहन श्रीवास्तव को सांड़ ने चार जनवरी को हमला कर घायल कर दिया। जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गए। इलाज के दौरान उनकी 21 जनवरी को मौत हो गई थी। सांड़ ने 24 जनवरी की रात करीब दस बजे रोहित श्रीवास्तव भी सांड़ के हमले से जख्मी हो गए। यह सांड़ अब तक दर्जन भर से अधिक लोगों को मारकर घायल कर चुका है। उधर, कई बार नगर पालिका प्रशासन से शिकायत करने के बाद भी सांड़ को नहीं पकड़े जाने से मोहल्ले वासियों में रोष व्याप्त है।