मछलीशहर। स्थानीय तहसील प्रशासन गौशाला के निर्माण कार्य में जुट गया है। उपजिलाधिकारी जेएन सचान सराय यूसुफ गांव में स्थित पुरानी गौशाला की मरम्मत का कार्य देख रहे हैं। सोमवार को उन्होंने गांव में जाकर ग्रामीणों से पशुओं को चारा देने में सहयोग करने की अपील की।
सराय यूसुफ गांव में पुरानी गौशाला है। इस गौशाला की दीवार ढह गई है। सोमवार को उक्त स्थान पर उपजिलाधिकारी सचान ने पहुंच कर ग्रामीणों के साथ बैठक कर पशुओं के चारा की व्यवस्था करने में सहयोग करने की अपील की। जिस पर ग्रामीण ने अपनी सहमति जताई। गौशाला में पशुओं के पानी पीने की व्यवस्था के लिए हैंडपंप लगवाने की जिम्मेदारी ग्राम प्रधान को सौंपी गई। ग्राम प्रधान ने तत्काल हैंडपंप लगवाने का कार्य आरंभ कर दिया। साफ सफाई का काम नगर पंचायत द्वारा आरंभ कर दिया गया है। राजस्व विभाग के नायब तहसीलदार संतोष कुमार शुक्ला और राजस्व लेखपाल प्रमोद कुमार श्रीवास्तव मौके पर उपस्थित रहकर जीर्णोद्धार कार्य करवा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि शीघ्र ही गौशाला में नगर में घूम रहे छुट्टा पशुओं को रहने की सुविधा उपलब्ध हो जाएगी।