जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में 12 जनवरी को आयोजित युवा दिवस के मद्देनजर युवा संकल्प अभियान चलाया गया। संयोजक युवा कवि विशाल चौबे अज्ञात और नितिन कुमार सहित अन्य छात्रों के साथ व्यापक तौर पर अभियान चलाया। प्रत्येक छात्राओं को संकल्प पत्र भरवाने के साथ साथ उन्हें अपने जीवन में नकारात्मकता को नजर अंदाज कर संकल्प के साथ आगे बढ़ने पर जागृत किया गया। इस मौके पर युवा कवि विशाल अज्ञात ने कहा की वैचारिक शक्ति ही युवा संकल्प की आधार शिला है। और हर युवा को संकल्प और दृढ विश्वास के साथ आगे बढ़ते रहना चाहिए। छात्राओं को अपने अधिकार के प्रति सजग और किसी भी प्रकार की झेड़खानी पर तत्काल विरोध करने का साहस अंदर लाना चाहिए। प्रत्येक पल अपने लक्ष्य के प्रति चिंतन मनन करते रहना चाहिए। अंकित कुमार ने कहा क़ी हर क्षण अपने लक्ष्य के प्रति सजग रहें। उधर, पतंजलि जिला प्रभारी संतोष संघर्षी ,अनुज योगी, शील निधि सिंह, बृजमोहन, राजन कुमार, विकाश तिवारी महंथ रामाश्रय दास इंटर कॉलेज लपरी, बीडीएस पब्लिक स्कूल गुरैनी, राजकीय इंटर कालेज जमुहाई, स्कॉलर डेल एकैडमी जमुहाई, सहकारी इंटर कॉलेज, मेहरावा, नेहरु इंटर कॉलेज पताहना में जाकर योग क्रियाओ को कराते हुए लोगों को आने के लिए आह्वान किया।
प्रभात शर्मा ने कहा की देश को महिला शक्तियों की जरूरत है। देश का भार आप के भी कंधों पर टिका है। इस मौके पर अंकित यादव, डा. राजेश्वरी पांडेय, अश्वनी मिश्र, सीएल यादव आदि उपस्थित रहे।
बाबा रामदेव की कड़ी होगी सुरक्षा व्यवस्था
जौनपुर। पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर में 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में योग गुरू बाबा रामदेव शिरकत करेंगे। खुफिया एजेंसियों के इनपुट के बाद उनकी सुरक्षा तगड़ी करने की पुलिस तैयारी में जुटी है। 11 जनवरी को ही बाबा रामदेव विश्वविद्यालय के गेस्ट हाउस में आ जाएंगे। जहां वह 12 जनवरी को सुबह 11 बजे से 2 बजे तक योगा सीखाएंगे। इसके बाद युवाओं को स्वामी विवेकानंद के आदर्श एवं राष्ट्रभक्ति का पाठ पढ़ाएंगे।
गाजीपुर जिले में पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजाराम यादव के बयान के बाद कई संगठन इस कार्यक्रम का विरोध कर रहे हैं। कार्यक्रम में हंगामा को देखते हुए प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। बाबा रामदेव की सुरक्षा इस वजह से बढ़ा दी गई है। दो सीओ, आठ एसओ समेत दो कंपनी पीएसी सुरक्षा में लगाए जाने की संभावना है। वैसे अभी तक कितनी फोर्स लगाई जाएगी। इसकी ड्यूटी नहीं लग सकी है। पुलिस के अलावा पतंजलि योग समिति, भारत स्वाभिमान, महिला पतंजलि योग समिति, पतंजलि किसान सेवा समिति और युवा भारत के 500 कार्यकर्ता लगाए गए हैं। सह प्रांतीय प्रभारी अचल हरीमूर्ति ने बताया कि 11 जनवरी को ही बाबा रामदेव आ जाएंगे और 12 को जाएंगे। एसपी दिनेश पाल सिंह ने कहा कि सुरक्षा में कोई चूक नहीं होगी। पर्याप्त फोर्स लगाया जा रहा है।