जौनपुर। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1000 के पार चली गई। लगातार तीन दिनों से मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। मंगलवार को 30 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसमें 19 मरीज केराकत के हैं। जलालपुर एसओ और हाल ही में रामपुर एसओ रहे एक इंस्पेक्टर भी संक्रमित हैं। शहर के ओलंदगंज के आरएसएस से जुड़े एक व्यापारी नेता की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। नए मरीजों के साथ ही पॉजिटिव केस की संख्या 1005 हो गई है। इसमें 288 एक्टिव मरीज हैं।
रामपुर थाने के प्रभारी इंस्पेक्टर का तबादला दूसरे जिले होने के कारण पुलिस लाइन बुला लिया गया था। उन्होंने अपनी जांच कराई तो मंगलवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आई। रामपुर थाने में 16 सिपाही कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। जलालपुर एसओ भी कोरोना से संक्रमित पाए गए। परिवार के किसी सदस्य के बीमार होने के कारण वह हाल ही में छुट्टी लेकर वाराणसी गए थे। वहां से लौटने के बाद जांच कराई तो पॉजिटिव मिले। एक अन्य सिपाही भी पॉजिटिव मिला है। सबसे ज्यादा चौंकाने वाला आंकड़ा केराकत नगर से आया है। यहां एक साथ 19 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पीड़ितों में नगर के शेखजादा मोहल्ले में 4, नालापार में 4 ,गोलावार्ड में एक, मेंहदी तला में एक, सरायबीरु में दो मरीज के अलावा ग्राम सोहनी में 3, ग्राम जमजार में दो, ग्राम कुसरना व ग्राम कुसैला में एक-एक पॉजिटिव मरीज शामिल हैं। इनमें से तीन तहसील बार के अधिवक्ता हैं। उनका कहना है कि सैंपल एक सप्ताह पहले दिया गया था, मगर रिपोर्ट आने में एक सप्ताह लग गए। इस बीच वह एसडीएम, तहसीलदार सहित अन्य अफसरों-कर्मचारियों व अधिवक्ताओं के साथ काम कर चुके हैं। ऐसे में कई लोग संक्रमित हो सकते हैं। उन्होंने इस व्यवस्था पर असंतोष जताया है। नगर के ओलंदगंज इलाके में कचगांव पड़ाव पर चर्चित सराफा दुकानदार (70) की रिपोर्ट भी पॉजिटिव है। वह आरएसएस के सक्रिय सदस्य भी हैं। पॉलीटेक्निक चौराहा, बेगमगंज, लाइनबाजार के भी एक-एक व्यक्ति की रिपोर्ट भी पॉजिटिव है।