सतहरिया। हल्की बारिश व हवा चलने से औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार की भोर में विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। ठजिसके चलते उद्यमियों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। बिजली नहीं रहने से उत्पादन में नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं पेयजल का संकट भी पैदा हो गया है।
उद्यमियों का कहना है कि मंगलवार की भोर में हल्की बारिश व हवा के कारण सुबह पांच बजे से विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। विद्युत तार व खंभा जर्जर हो जाने के कारण आए दिन बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। सीड़ा उद्यमी संघ के अध्यक्ष शिवाजी सिंह ने बताया कि खराब विद्युत उपकरणों को बदलने सहित जर्जर तारों व खंभों को बदलवाने और औद्योगिक क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति उकनी विद्युत पावर हाउस से जोड़ने के लिए शासन स्तर से करीब दो करोड़ का बजट खाते में आ चुका है। किंतु सीड़ा विभाग की उदासीनता के कारण काम आज तक शुरू नहीं हो सका है। उन्होंने शीघ्र जर्जर विद्युत तारों व खंभा को बदलने की मांग की है।
हवा चलने के कारण विद्युत तार कहीं से शार्ट हो गया है। फाल्ट खोजा जा रहा है। शीघ्र ही विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
विकास यादव, अवर अभियंता