जौनपुर। जेएसडब्लू स्टील गाजियाबाद के प्रेसिडेंट अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय में पाठ्यक्रम तैयार करते समय उद्योग जगत और कंपनियों की मांग पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। उद्योगों के मांग के अनुसार ही पाठ्यक्रम तैयार किए जाए। इससे रोजगार सृजन के अनेक अवसर उपलब्ध होंगे। आज शैक्षिक संस्थानों का इंडस्ट्री के साथ जुड़ाव होना जरूरी है। इंडस्ट्री के साथ पाठ्यक्रम बनाने से रोजगार सृजन के बेहतर अवसर का सृजन होता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को प्रोफेशनल बनाने के लिए हर विभाग में क्लब का गठन करना चाहिए। जो कंपनियों के बेहतर तालमेल कर सकेंगे। अध्यक्षता कर रहे कुलपति प्रो. राजाराम यादव ने कहा कि अंतिम सेमेस्टर के विद्यार्थियों को प्रशिक्षित कर इंडस्ट्री के लिए तैयार करने की पहल शिक्षकों को करनी चाहिए। विश्वविद्यालय में गुणवत्ता परक शिक्षा समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के शिक्षक पाठ्यक्रम की गुणवत्ता को बेहतर बनाने की दिशा में और सक्रिय हों। संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन प्रो. मानस पांडेय ने किया। इस अवसर पर कुलसचिव सुजीत कुमार जायसवाल,प्रो. अशोक श्रीवास्तव ,प्रो. वंदना राय ,प्रो. वीडी शर्मा, प्रो. राजेश शर्मा ,डा. मनोज मिश्र, डा. प्रदीप कुमार, डा. सौरभ पाल, डा. धर्मेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।