जौनपुर। त्योहारों की भीड़ में कोरोना का संक्रमण भी तेजी से फैल रहा है। दो दिनों में 18 नए पॉजिटिव केस आए हैं। इनमें ज्यादातर केस शहरी क्षेत्र और बुजुर्गों के हैं। भीड़भाड़ ओलंदगंज, वाजिदपुर तिराहा, हुसैनाबाद में नए मरीज मिले हैं। इन सभी मरीजों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। जिले में अब कोरोना के पॉजिटिव केस की संख्या 6009 हो गई है। इसमें 5778 ठीक हो चुके हैं। अब तक 90 मरीजों की मौत हुई है।
शहर केे ओलंदगंज मोहल्ला निवासी वृद्ध (60), वाजिदपुर निवासी युवक (23), सिटी स्टेशन क्षेत्र निवासी वृद्ध (59), हुसैनाबाद निवासी एक ही परिवार के दो सदस्यों समेत अन्य नए मरीजों में सर्दी-खांसी के सामान्य लक्षण ही थे। आरटी-पीसीआर से जांच में उनकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। मुंगराबादशाहपुर कस्बे के नई बाजार मोहल्ला निवासी वृद्ध (72) में भी कोरोना की पुष्टि हुई है। सीएमओ डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि अधिक उम्र वालों में कोरोना का खतरा ज्यादा है। सुरक्षित रहने के लिए सावधानी बरतना जरुरी है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में मास्क लगाने से परहेज न करें। समय-समय पर हाथ धुलते रहें। उधर, मछलीशहर सीएचसी की टीम ने डॉ. बीएल यादव के नेतृत्व में सोमवार अमाई गांव में प्राथमिक विद्यालय पर कैंप लगाकर प्रधानाध्यापक सहित 50 लोगों की जांच एंटीजन किट से की गई। सभी की रिपोर्ट नेगेटिव आई। डीएम दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार को 2154 सैंपल की रिपोर्ट में 18 पॉजिटिव हैं। पहले के चिह्नित 14 मरीज ठीक हो गए हैं। कैंप में 2128 सैंपल लिए गए। इसे मिलाकर अब तक 231699 सैंपल लिए जा चुके हैं, जिसमें 231201 की रिपोर्ट आ गई है।